Move to Jagran APP

भाजपा नेता संगीत सोम ने ओवैसी के बयान पर बोला हमला, कहा-कागज भी दिखाएंगे...जूते भी खाएंगे

भाजपा विधायक संगीत सोम ने कहा कि भारत जैसा खुशहाल देश दुनिया में नहीं है। इस खूबसूरती को कायम रखने के लिए कानून का पालन तो करना ही पड़ेगा।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Mon, 10 Feb 2020 08:16 PM (IST)Updated: Tue, 11 Feb 2020 04:06 PM (IST)
भाजपा नेता संगीत सोम ने ओवैसी के बयान पर बोला हमला, कहा-कागज भी दिखाएंगे...जूते भी खाएंगे
भाजपा नेता संगीत सोम ने ओवैसी के बयान पर बोला हमला, कहा-कागज भी दिखाएंगे...जूते भी खाएंगे

मेरठ, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (NRC) लेकर विरोध और समर्थन के सुर लगातार जहरीले होते जा रहे हैं। इस बीच अपने बयानों से सुर्खियों में रहने वाले भाजपा विधायक संगीत सोम ने विवादित बयान से सियासत गरमा दी है। सोम ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के सीएए और एनआरसी पर दिए बयान का जवाब देते हुए कहा है कि मनमानी की तो कागज भी दिखाएंगे और जूते भी खाएंगे।

prime article banner

असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सोमवार को भाजपा विधायक संगीत सोम ने कहा कि मैं ओवैसी को बताना चाहता हूं कि उनके बयान 'कागज नहीं दिखाएंगे, सीना दिखाएंगे और कहेंगे मार गोली' का कोई फायदा नहीं है। यदि आपको देश में रहना है तो सरकार जो कागज कहेगी आपको दिखाने होंगे। यदि ओवैसी का कहना है कि सीने कम पड़ जाएंगे, गोली सीने पर खाएंगे तो मैं यही कहना चाहता हूं कि वह जूते खाएंगे और कागज भी दिखाएंगे। 

बता दें कि एआइएमआइएम के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को आंध्र प्रदेश के कुर्नूल की एक जनसभा में सीएए और एनआरसी पर कहा था कि 'मैं वतन में रहूंगा, कागज नहीं दिखाऊंगा। कागज अगर दिखाने की बात होगी तो सीना दिखाएंगे कि मार गोली। मार दिल पे गोली मार क्योंकि दिल में भारत की मोहब्बत है जिसे सरकार नहीं समझ सकती।' ओवैसी के इस बयान पर भाजपा विधायक संगीत सोम की प्रतिक्रिया ने नई बहस छेड़ दी है।

उत्तर प्रदेश के सरधना विधायक संगीत सोम सोमवार को मेरठ के गांव पबरसा में पुरानी विद्युत लाइन ठीक करने और नई लाइन का उद्घाटन करने गए थे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि चीन में मुस्लिम महिलाओं के लिए बुर्का प्रतिबंधित है। बुर्का आतंकवाद को बढ़ावा देता है। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से बुर्के पर भी बैन होना चाहिए। संविधान महिलाओं को कैद नहीं, सम्मान से जीने का अधिकार देता है।

उन्होंने कहा कि हर नागरिक अपने देश के संविधान के प्रति वफादार है और उसका पालन करता-कराता है, लेकिन हिंदुस्तान में कानून का विरोध करने वाले देश की भलाई के लिए कुछ सोच भी नहीं सकते। भाजपा विधायक ने कहा कि भारत जैसा खुशहाल देश दुनिया में नहीं है। इस खूबसूरती को कायम रखने के लिए कानून का पालन तो करना ही पड़ेगा।

संंविधान नहीं मानते तो इस्तीफा दे दो

भाजपा विधायक संगीत सोम ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी जब भी अपना मुंह खोलते हैं, देश के खिलाफ ही बोलते हैं। अगर, देश इतना ही बुरा है तो वह कहीं और जाकर बस जाएं। इसी देश के संविधान के आधार पर ही ओवैसी सांसद हैं। संविधान में यकीन नहीं है तो सांसद पद से इस्तीफा क्यों नहीं देते। लोगों को बेवकूफ बनाने की जरूरत नहीं है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.
OK