Bengal: भाजपा जिलाध्यक्ष फाल्गुनी पात्रा के घर हमला
Falguni Patra. भाजपा जिलाध्यक्ष फाल्गुनी पात्रा के अनुसार टीएमसी कार्यकर्ताओं ने मेरे घर और कारों में तोड़फोड़ की।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। बंगाल में गुरुवार को नदिया जिले की करीमपुर विधानसभा उपचुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उत्तर 24 परगना की भाजपा जिलाध्यक्ष फाल्गुनी पात्रा के घर पर हमले की घटना प्रकाश में आई है। हमलावरों ने फाल्गुनी के घर के सामने खड़े वाहनों और अन्य सामानों की तोड़फोड़ की और वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं से भी मारपीट की। फाल्गुनी ने इसके लिए तृणमूल कार्यकर्ताओं और भाजपा के बागियों पर आरोप लगाया है।
घटना के संदर्भ में फाल्गुनी की अेार से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। फाल्गुनी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने हमले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उप चुनाव में मिली जीत से अति उत्साहित तृणमूल कार्यकर्ताओं ने मेरे घर और वाहनों में तोड़फोड़ की। जब पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोका तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। हालांकि, तृणमूल ने भाजपा नेत्री के लगाए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। तृणमूल ने बेवजह झूठे आरोप में फंसाने का आरोप लगाया है।
गौरतलब है कि करीमपुर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार जयप्रकाश मजुमदार पर भी पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की मौजूदगी में गत सोमवार को मतदान के दौरान हमला किया गया गया। घियाघाट इलाके में हुई घटना के दौरान मजूमदार पर जमकर लात-घूंसे बरसाए गए थे। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था। भाजपा की ओर से घियाघाट थाने में मुख्य आरोपित तृणमूल समर्थित तारिकुल शेख हबीबुर्रहमान विश्र्वास, कलामुद्दीन विश्र्वास, दुखू मालिथा, खुदा बख्श शेख, दीनारुल विश्र्वास, मसादुल आलम, बंकिम मंडल और हबीब विश्र्वास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
प्राथमिकी में आरोपितों पर भाजपा प्रत्याशी की हत्या की साजिश रचने का भी आरोप लगाया गया। वहीं, भाजपा ने चुनाव आयोग से भी मामले में हस्तक्षेप कर तृणमूल के खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया था। हालांकि तृणमूल के नदिया जिला पर्यवेक्षक व मंत्री राजीव बंद्योपाध्याय ने दावा किया था कि जयप्रकाश मजूमदार मतदान के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे तभी झड़प हुई थी।