Rajasthan: लोकतंत्र को बचाने के लिए जिंदगी भर कार्य करेंगेः अशोक गहलोत
Ashok Gehlot जोधपुर में राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि एक महीने में जो परेशानी जनता को हुई वो अब नहीं होगी। हम दुगुनी गति से कार्य करेंगे।
जोधपुर, संवाद सूत्र। Ashok Gehlot: राजस्थान के जोधपुर में मंगलवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए वे जिंदगी भर कार्य करेंगे। लोकतंत्र की हत्या की कोशिश की गई, मगर जीत हमारी हुई है। सीएम जोधपुर प्रवास पर मीडिया से मुखातिब हुए। गहलोत ने कहा कि एक महीने में जो परेशानी जनता को हुई, वो अब नहीं होगी। हम दुगुनी गति से कार्य करेंगे। असंतुष्ट विधायकों को मनाने के लिए आए हैं, और मनाना भी चाहिए। उन्होंने कहा विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लोकतंत्र का गला घोंटने के प्रयास में लगे रहे, मगर जीत हमारी हुई है। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान के फैसलों का सर्वोपरि बताया और कहा कि घर से रूठ कर जाने वालों के लिए दरवाजें खुले हैं।
पाक विस्थापितों की मौत के मामले में कहा, जांच कोई भी करें सरकार सच्चाई जानना चाहती है
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि पाक विस्थापितों के साथ हुए हादसे में जांच कोई भी करें, मगर सरकार सच्चाई जानना चाहती है। पाक विस्थापितों की हर समस्या के लिए सरकार खड़ी है। सीएम मंगलवार को जोधपुर जिले के देचू क्षेत्र में बीते रविवार को पाक विस्थापित परिवार के एक साथ 11 लोगों की मौत के मामले में संवेदना प्रकट करने गांगणा पहुचे थे और परिवार के लोगों को ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री गहलोत ने परिवार और अन्य निवास कर रहे पाक विस्थापितों से कहा कि परिवार पर जो विपदा आई है, उसके लिए सरकार हरसंभव मदद देने को तैयार है। इस मामले में चाहे पुलिस जांच करें या कोई और वे जो चाहते हैं बता सकते हैं। जांच कोई भी करे, मगर सरकार इसकी सच्चाई जानना चाहती हैं।
गहलोत ने पाक विस्थापित परिवारों से कहा कि भविष्य में ऐसी कोई घटना ना हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। हिंदू पाक विस्थापित संघ से जुड़े हिंदू सिंह सोढ़ा का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा कि जो समस्याएं हैं, सरकारें अपने स्तर पर पूरा सहयोग करेगी। केेंद्र व गृह मंत्रालय तक उनकी बात को रखा जाता है, ताकि पाक से आने वाले पीड़ित परिवारों को यहां पर राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में तकलीफ देखकर ही शरणार्थी यहां आते हैं। आप लोग अपनी पीढ़ियां छोड़कर आते हैं, जो काफी तकलीफदेह होता है। यह मैं महसूस कर सकता हूं। गहलोत ने मामले में राज्य सरकार द्वारा हरसंभव मदद का भी आश्वासन दिया।
राजकीय विमान से पहुंचे जैसलमेर से जोधपुर
इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार को राजकीय विमान से जैसलमेर से जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका कांग्रेस कार्यकर्ताओं व प्रमुख लोगों ने सोशल डिस्टेंस के बीच स्वागत किया। मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा और राजस्व मंत्री हरीश चौधरी थे। एयरपोर्ट पर गहलोत का कांग्रेसियों ने स्वागत किया और नारे भी लगाए। उन्होंने भी अपनी चिरपरिचत मधुर मुस्कान के साथ हाथ हिलाते हुए कार्यकर्ताओं का हौंसला बढ़ाया और आत्मीयता से मिले। गांगाणा पहुंच कर मुख्यमंत्री ने 11 लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया और परिजनों को सांत्वना देते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
कोरोना को लेकर ली समीक्षा बैठक
गहलोत ने कहा कि कोरोना संक्रमण राजस्थान में अन्य प्रदेशों के मुकाबले कम है और मृत्यु दम भी कम है। जल्द ही इस पर बड़े रूप में काम किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर इसकी रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए है। यहां जिले के अधिकारियों के साथ जोधपुर सहित सभाग में बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर चिंता जताई। मुख्यमंत्री ने बैठक में मौजूद संभागीय आयुक्त डा समित शर्मा ,कलक्टर इंद्रजीतसिंह सहित पुलिस ,प्रशासन और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को कोरोना सक्रमण के बढ़ते केस पर अंकुश लगाने के लिए सख्ती के साथ लोगों केा समझाइश,जागरूक कराने सहित सामूचे उपाय कर कंट्रोल करने के निर्देश दिए। चिकित्सा मंत्री भी बैठक में मौजूद रहे। वहीं, कोरोना संक्रमण को लेकर पाक विस्थापितों से मिलने पहुचे गहलोत ने संक्रमण को लेकर मास्क जरूर पहनने और अपना ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि काल कब किसके घर आ जाएं कहा नहीं जा सकता, इसलिए सुरक्षा आवश्यक है।
बहन से राखी बंधवा आशीर्वाद लिया
मुख्यमंत्री गहलोत समय निकाल कर सीधे लालसागर स्थित अपने छोटे भांजे जसवंत सिंह कच्छवाह के निवास पर पहुंचे। वहां अपनी बड़ी बहन विमला देवी के पांव छूकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने 86 वर्षीय बड़ी बहन की कुशल क्षेम पूछी। इसके बाद परिवार के मौजूद सदस्यों से मिले। मुख्यमंत्री को उनकी बहन विमला देवी ने राखी बांध कर मुंह मीठा कराया। इसके बाद बहन ने मुख्यमंत्री को प्रदेश की जनता की सेवा करने का आशीर्वाद भी दिया।