CAA के विरोध पर बोले विज- जब सोनिया ने ली भारत की नागरिकता तो हिंदू-सिखों का विरोध क्यों
राहुल गांधी के ट्वीट देश को बांट कर मोदी और शाह पीछे हट रहे हैं पर हमलावर हुए विज ने कहा कि सोनिया गांधी ने खुद इटली से आकर भारत की नागरिकता ले ली है।
जेएनएन, चंडीगढ़। Citizenship Amendment Act का विरोध कर रही कांग्रेस पर हरियाणा के गृह मंत्री ने जुबानी हमला बोला है। राहुल गांधी के ट्वीट 'देश को बांट कर मोदी और शाह पीछे हट रहे हैं' पर हमलावर हुए विज ने कहा कि सोनिया गांधी ने खुद इटली से आकर भारत की नागरिकता ले ली है। इसके उलट पड़ोसी राज्यों में प्रताड़ना से दुखी होकर भारत में शरण लेने के बावजूद गुमनामी की जिंदगी जी रहे हिंदू और सिखों को नागरिकता देने का राहुल और सोनिया विरोध कर रहे हैं। इससे अंदाजा लगा लेना चाहिए कि देश को तोड़ने का काम कौन कर रहा है?
गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा जात-पात और धर्म की सियासत कभी नहीं करती। बांटने का काम कांग्रेस करती है। इन्होंने देश का बंटवारा धर्म के आधार पर कराया और दस लाख लोगों का कत्लेआम करवाया। विज ने दोहराया कि कांग्रेस ने 1984 में सिख समुदाय का कत्लेआम धर्म के आधार पर कराया, लेकिन भाजपा ने तो कभी ऐसा नहीं करवाया। भाजपा तो सबको साथ लेकर चलना चाहती है।
पश्चिमी बंगाल के गृह मंत्री सिद्धीक उल्ला चौधरी के गृह मंत्री अमित शाह को कोलकाता में एयरपोर्ट से बाहर नहीं निकलने देने की चेतावनी पर विज ने कहा कि पश्चिमी बंगाल भी हिंदुस्तान का हिस्सा है। वहां की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को गलतफहमी है कि वह उस प्रदेश की राजा हैं। उन्हें समझना चाहिए कि वे प्रजातांत्रिक व्यवस्था चुनी हुईं मुख्यमंत्री है। किसी को भी किसी प्रदेश में जाने से रोका नहीं जा सकता।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें