चुनाव की तैयारी के लिए पांच नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर ममता के गढ़ बंगाल पहुंचेंगे अमित शाह, करेंगे बातचीत
तैयारी-भाजपा विधानसभा चुनाव में तृणमूल को शिकस्त देने के लिए अपनी तैयारी में जुटी है। बिहार चुनाव के बीच भाजपा का ध्यान बंगाल पर भी बना हुआ है। पांच को बांकुड़ा और छह को कोलकाता में करेंगे बैठक। एक दिन आदिवासी तो दूसरे दिन मतुआ के घर करेंगे भोजन।
राज्य ब्यूरो, कोलकाताः बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है। एक तरफ तृणमूल तो दूसरी ओर भाजपा एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। भाजपा विधानसभा चुनाव में तृणमूल को शिकस्त देने के लिए अपनी तैयारी में जुटी है। यही कारण है कि बिहार चुनाव के बीच भाजपा का ध्यान बंगाल पर भी बना हुआ है। केंद्रीय गृह मंत्री व कद्दावर भाजपा ने अमित शाह ममता के गढ़ बंगाल पहुंच रहे हैं और वह यहां पर दो दिनों तक रुककर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे।
गुरुवार सुबह पहुंचकर हेलीकॉप्टर से बांकुड़ा जाएंगे
खबर है कि गुरुवार की सुबह शाह कोलकाता पहुंचेंगे और हेलीकॉप्टर से सीधे बांकुड़ा जाएंगे। जहां कई जिलों के पार्टी नेता व कार्यकर्ताओं के साथ क्लोज डोर मीटिंग करेंगे। एक आदिवासी के घर में दोपहर का भोजन करेंगे। इसके बाद वह कोलकाता आएंगे। शुक्रवार को वह सुबह पहले दक्षिणेश्वर कालीमंदिर जाएंगे। इसके बाद पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। कुछ विशिष्टजनों से मुलाकात भी करेंगे।
खिसकी जमीन पाने के लिए पूरी ताकत लगा रही
इसके बाद उस दिन दोपहर को मतुआ सांप्रदाय जो महादलित वर्ग में आते हैं उनके घर दोपहर का भोजन करेंगे।
लोकसभा चुनाव में जंगलमहल बांकुड़ा, पुरुलिया, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम में भाजपा को जबर्दस्त सफलता मिली थी। इस बीच तृणमूल खिसकी हुई जमीन पाने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। इसी को ध्यान में रखकर शाह पहले जंगलहमल जा रहे हैं।
बांकु़ड़ा में बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण
बांकुड़ा के भाजपा सांसद सुभाष सरकार ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री पूरे देश का विकास चाहते हैं। वह जंगलमहल का विकास चाहते हैं इसीलिए वह आदिवासी के घर भोजन करने जा रहे हैं। शाह बांकु़ड़ा पहुंचने पर पहले बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। फिर रवींद्र भवन में संगठनात्मक बैठक करेंगे। इसके बाद कोलकाता लौट आएंगे।
शास्त्रीय संगीतकार पं. अजय चक्रवर्ती के घर जाएंगे
शुक्रवार को साल्टलेक पूर्वी आंचलिक सांस्कृतिक केंद्र(ईजेडसीसी) में पार्टी नेतृत्व के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वह गौरांगनगर जाएंगे जहां मतुआ संप्रदाय के घर भोजन करेंगे। वहां से लौटने के बाद मशहूर शास्त्रीय संगीतकार पंडित अजय चक्रवर्ती के घर जाएंगे। इसके बाद फिर लौट कर ईजेडसीसी में बैठक करेंगे।
शाह सभी से बातचीत करके मतभेदों को दूर करेंगे
खबर है कि राहुल सिन्हा को राष्ट्रीय सचिव के पद से हटाए जाने के बाद एक खेमे में नाराजगी है। वहीं पिछले दिनों प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष और भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सौमित्र खां के बीछ विवाद गहरा गया था। कहा रहा है कि अमित शाह उन सभी से बातचीत करके मतभेदों को दूर करेंगे।