विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 02, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

शाह का कटाक्ष, जल्द ही पूरी होगी ममता दीदी की इच्छा, 2021 में बंगाल में होगी भाजपा की सरकार

By Vijay KumarEdited By:
Published: Tue, 02 Jun 2020 08:01 PM (IST)

कुछ दिन पहले ममता ने गुस्से में कहा था कि केंद्र सरकार को अगर उनकी सरकार से इतनी समस्या है ...और पढ़ें

शाह का कटाक्ष, जल्द ही पूरी होगी ममता दीदी की इच्छा, 2021 में बंगाल में होगी भाजपा की सरकार
शाह का कटाक्ष, जल्द ही पूरी होगी ममता दीदी की इच्छा, 2021 में बंगाल में होगी भाजपा की सरकार

राज्य ब्यूरो, कोलकाताः केंद्र की मोदी सरकार से बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का टकराव कोई नया नहीं है। कुछ दिन पहले ममता ने गुस्से में कहा था कि केंद्र सरकार को अगर उनकी सरकार से इतनी समस्या है तो यहां आकर राज्य चला लें। ममता के इस बयान पर अब गृहमंत्री अमित शाह ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि ममता दीदी ज्यादा परेशान न हों 2021 में भाजपा राज्य में पूर्ण बहुमत से आएगी।

बंगाल की तृणमूल सरकार पर केंद्र ने कोरोना वायरस से निपटने को लेकर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। केंद्र सरकार ने राज्य में एक केंद्रीय टीम तक भेजी थी। टीम ने खुलासा किया था कि बंगाल में सरकार कोरोना वायरस को गंभीरता से नहीं ले रही है और वहां वायरस बेकाबू होता जा रहा है। इस बीच केंद्र और ममता के बीच कई बार वाकयुद्ध भी हुआ। इसके बाद प्रवासी श्रमिकों के लिए ट्रेन चलाने पर भी काफी तकरार हुआ।

इन सब के बीच ममता ने केंद्र को दो टूक कह दिया था कि अगर इतनी परेशानी है तो अमित शाह ही बंगाल की सरकार चला लें। एक टीवी चैलन को दिए इंटरव्यू में गृहमंत्री शाह से जब इस पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर ममता दीदी की इच्छा है कि भाजपा वहां सरकार चलाए, तो उनकी यह इच्छा जल्द ही पूरी होगी। 2021 में बंगाल में जनता भाजपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। शाह ने बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा,'मैं तो वहां सरकार नहीं चला सकता हूं क्योंकि मैं सांसद हूं। लेकिन ममता दीदी की इच्छा जल्द ही पूरी होगी।'

ममता ने प्रवासी श्रमिकों की ट्रेन को 'कोरोना एक्सप्रेस' कहा था। इस सवाल पर शाह ने कहा कि हमारी बंगाल से कोई लड़ाई नहीं है। 1200 से ज्यादा ट्रेनें यूपी गईं। 1000 से ज्यादा ट्रेनें बिहार गईं, लेकिन बंगाल में 100 ट्रेनें भी नहीं गईं। अगर बंगाली घर जाना चाहते हैं तो उनका गुनाह क्या है? उन्होंने कहा कि वह जानते हैं कि बंगाल की जनता इस बात को हमेशा याद रखेगी।