कैप्टन अमरिंदर बोले- हार का सारा बोझ राहुल गांधी के कंधों पर नहीं डाल सकते
पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हार का पूरा बोझ राहुल गांधी पर नहीं डाल सकते हैं। उम्मीद है वह कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा वापस ले लेंगे।
चंडीगढ़, जेएनएन। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से राहुल गांधी के इस्तीफे ने पार्टी को मुश्किल स्थिति में डाल रखा है। ऐसे में कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी राहुल के समर्थन में खुलकर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि लाेकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस की हार का सारा बोझ अकेले राहुल गांधी के कंधों पर नहीं डाला जा सकता है। यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उम्मीद है राहुल गांधी अपना इस्तीफा वापस लेंगे और वापसी करेंगे। उनके नेतृत्व व सोच से से पार्टी ज्यादा शक्तिशाली होगी।
कहा- वर्तमान समय कांग्रेस के बहुत मुश्किल भरा, राहुल गांधी करेंगे वापसी
कैप्टन अमरिंदर ने कहा कि वर्तमान समय कांग्र्रेस के लिए बहुत मुश्किलों भरा है। पार्टी नेतृत्व को इकट्ठे होकर चलना होगा। तभी इस स्थिति से निकल पाएंगे। राहुल गांधी को उसी गतिशीलता और मुकाबले की भावना से पार्टी का नेतृत्व लगातार करते रहना चाहिए, जिस प्रकार उन्होंने चुनाव अभियान के दौरान किया था। उन्होंने कहा कि एक चुनावी हार से राहुल के संपूर्ण नेतृत्व को परिभाषित नहीं किया जा सकता। सामूहिक हार के लिए राहुल गांधी की ओर से खुद को जवाबदेह बताना सही नहीं है।
यह भी पढ़ें: बड़ी मुश्किल में फंसे हनी सिंह, हो सकता है FRI दर्ज, महिला आयोग ने उठाया बड़ा कदम
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव से कुछ महीने पहले तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में राहुल गांधी ने सफलतापूर्वक कांग्रेस को जीत दिलाई थी। लोकसभा चुनाव में हार के लिए बहुत से कारण हैं। भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रवाद के मुद्दे से चुनाव में जीत हासिल की है, जिसने राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की सकारात्मक चुनाव मुहिम को दबा लिया।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि विजय और पराजय चुनावी राजनीति का हिस्सा होती है। प्रत्येक हार पार्टी के दोबारा उभरने के लिए मंच मुहैया कराती है। राहुल के गतिशील व सुलझे हुए नेतृत्व में कांग्रेस निश्चित तौर पर फिर उभरेगी और ज्यादा शक्तिशाली होगी। अमरिंदर ने उम्मीद जताई कि राहुल गांधी जल्द ही पार्टी को फिर से ऊंचाई की ओर ले जाने के लिए अध्यक्ष पर पर वापस आएंगे।