PM नरेंद्र मोदी के सोशल मीडिया छोड़ने के संकेत पर राहुल गांधी व अखिलेश यादव का तंज UP News
PM Modi giving up social media accounts सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी के इस जानकारी देने के बाद उनके ऊपर तंज कसा है।
लखनऊ, जेएनएन। करोड़ों प्रशंसकों के साथ सोशल मीडिया के धुरंधर माने जाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब सोशल मीडिया छोड़ रहे हैं। माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर उनके इसकी जानकारी देते ही खलबली मच गई। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी के इस जानकारी देने के बाद उनके ऊपर तंज कसा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर मन की बात जाहिर करते हुए कहा कि इस रविवार से मैं फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब पर सभी खातों को छोडऩे के बारे में विचार कर रहा हूं। इस बारे में जानकारी दे दूंगा।
उनके इस ट्वीट के कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया साइटों पर अफसोस भरे संदेशों की बाढ़ सी आ गई। अब अटकलें लगाई जा रही हैं कि सोशल मीडिया पर अफवाहों के फैलने से वह निराश हैं, जिनके कारण दिल्ली में दंगे भड़के थे।
राहुल गांधी ने भी पीएम के इस विचार पर करारा प्रहार किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी के ट्वीट का स्क्रीन शॉट शेयर करते हुए ट्वीट कर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा - नफरत को छोड़िए सोशल मीडिया नहीं।
Give up hatred, not social media accounts. pic.twitter.com/HDymHw2VrB — Rahul Gandhi (@RahulGandhi) March 2, 2020
करोड़ों लोगों ने भले ही उनके इस निर्णय पर अफसोस जताया हो, लेकिन समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीएम मोदी के इस फैसले पर तंज कसा है। अखिलेश यादव ने ट्वीट किया है कि सामाजिक संवाद के रास्ते बंद करने की सोचना अच्छी बात नहीं है।
सामाजिक संवाद के रास्ते बंद करने की सोचना अच्छी नहीं है बात... छोड़ने के लिए और भी बहुत कुछ सार्थक है साहब... जैसे सत्ता का मोह-लगाव, विद्वेष की राजनीति का ख़्याल, मन-मर्ज़ी की बात, चुनिंदा मीडिया से करवाना मनचाहे सवाल और विश्व विहार... कृपया इन विचारणीय बिंदुओं पर भी करें विचार!— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 2, 2020
छोड़ने के लिए और भी बहुत कुछ सार्थक है साहब। जैसे सत्ता का मोह-लगाव, विद्वेष की राजनीति का ख्याल, मन-मर्जी की बात, चुनिंदा मीडिया से मनचाहे सवाल करवाना और विश्व विहार। कृपया इन विचारणीय बिंदुओं पर भी करें विचार।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से लेकर अपनी केंद्रीय योजनाओं और सामाजिक सरोकारों को भी सोशल मीडिया पर अभियान के तहत समय-समय पर खासा प्रचारित-प्रसारित किया है। माना जा रहा है कि सोशल मीडिया में हाल के दुष्प्रचारों और हिंसक सामग्रियों के चलते अपनी खिन्नता जताने के लिए उन्होंने सोशल मीडिया का ही परित्याग करने का मन बनाया है।
सोशल मीडिया में बेहद सक्रिय रहने वाले प्रधानमंत्री मोदी के ट्विटर पर 5.33 करोड़ फालोवर हैं। फेसबुक पर 4.47 करोड़ लोग उन्हें फॉलो करते हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 3.52 करोड़ प्रशंसक हैं।