CM योगी के बयान पर बिफरे अखिलेश, कहा- समाजवाद विरोधी साजिश रच रही भाजपा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा समाजवादी नेताओं पर की गई टिप्पणी से नाराज सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर फेल बताया है।
लखनऊ, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा समाजवादी नेताओं पर की गई टिप्पणी से नाराज सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर फेल बताते हुए समाजवाद को बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है।
उन्होंने बयान जारी कर कहा है कि भाजपा के पास गिनाने को न विकास कार्य हैं और बताने के लिए न कोई उपलब्धि, इसीलिए बहकी-बहकी बातें की जा रही हैं। अपनी सरकार में बिगड़ते हालात पर ध्यान देने के बजाए समाजवाद व समाजवादियों को लेकर अधिक चिंतित हैं। भाजपा का गांधी, सरदार पटेल, आचार्य नरेंद्र देव, डॉ. लोहिया, चंद्रशेखर और लोकनायक जयप्रकाश नारायण की विचारधारा से कोई संबंध नहीं रहा। इनमें अधिकतर स्वतंत्रता सेनानी थे, जबकि आरएसएस कभी स्वतंत्रता आंदोलन का हिस्सा नहीं बना।
सपा प्रमुख ने कहा कि संविधान में जहां पंथनिरपेक्षता व लोकतंत्र है, वहीं समाजवाद का भी उल्लेख है। सपा इस विचारधारा को ही आगे बढ़ाने का काम करती है। मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना अखिलेश ने कहा कि विशेषाधिकार प्राप्त लोग समाजवादियों में जातिवाद ढूंढ़ते हैं। यह पूरी तरह से योजनाबद्ध ढंग से प्रचारित झूठ है। इसका फायदा खास वर्ग को मिले, इसलिए यह भ्रांति फैलाई जाती है।
उन्होंने कहा कि उपदेशों और प्रवचनों से भूखों का पेट नहीं भरता। जनता का ध्यान मूल मुद्दों से भटकाने के लिए ही अब भाजपा सांसदों की पदयात्रा का ढोंग करने जा रही है। भाजपाइयों की द्वेषपूर्ण भावना से विकास थमा है। सामाजिक स्तर पर भी बदले की भावना से काम होने से अत्याचार की घटनाओं में वृद्धि हो रही हैं।