Jharkhand Assembly Election 2019 एआइएमआइएम ने की निरसा से चुनाव लडऩे की घोषणा, राज्य के 20 सीटों पर उतारेगी उम्मीदवार
AIMIM झारखंड के 20 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। निरसा विधानसभा अध्यक्ष मो. मुस्तकीम ने बताया कि जल्द ही पार्टी उम्मीदवारों के नामों का एलान करेगी।
धनबाद, जेएनएन। Jharkhand Assembly Election 2019 सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM (आल इंडिया मजलिस ए इतेहादुल मुस्लिमीन) निरसा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेगी। बहुत जल्द उम्मीदवार की घोषणा कर दी जाएगी। निरसा विधानसभा अध्यक्ष मो. मुस्तकीम ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2019 की झारखंड विधानसभा चुनाव में हमारी पार्टी 20 सीटों से चुनाव लडऩे जा रही है।
एआइएमआइएम के नेताओं-कार्यकर्ताओं की मंगलवार को शिवलीबाड़ी स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता निरसा विधानसभा अध्यक्ष मो. मुस्तकीम ने की। इस दौरान मुख्य रूप से निरसा विधानसभा चुनाव प्रभारी जावेद अख्तर मौजूद थे। बैठक के बाद चुनाव प्रभारी जावेद अख्तर ने बताया कि हमारी किसी के साथ टक्कर नहीं है।
गौरतलब है कि राज्य भर में मुसलमान आबादी करीब 15 फीसदी है। वहीं, कई विधानसभा क्षेत्रों में यह निर्णायक भूमिका में है। फिर भी मुस्लिम आबादी को राज्य की प्रमुख राजनीतिक दलों द्वारा उपेक्षित रखा गया। इसी को ओवैसी अपना चुनावी हथियारी बनाने के मूड में हैं। उधर, बिहार उपचुनाव में मिली जीत से भी एआइएमआइएम के अंदर आत्मविश्वास बढ़ा है।