कासगंज तिरंगा यात्रा को लेकर विद्यार्थी परिषद ने लगाया गया जाम, फूंका पुतला
कासगंज घटना को लेकर अभाविप कार्यकर्ताओं ने कई जिलों में रोड जाम, पुलता दहन और जुलूस आदि से जरिए विरोध प्रदर्शन किया। दौरे से रोकने पर साध्वी प्राची ने नाराजगी जताई ।
लखनऊ (जेएनएन)। कासगंज घटना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने कई जिलों में रोड जाम, पुलता दहन और जुलूस आदि से जरिए विरोध प्रदर्शन किया। उल्लेखनीय है कि कासगंज में निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान संप्रदाय विशेष के युवकों के पथराव और फायरिंग में एक युवक की मौत के बाद कासगंज जल उठा। मामले को लेकर एबीवीपी ने कड़ी निंदा की है। इस घटना को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के साथ बजरंग दल, हिंदू युवा वाहिनी, अखिल भारतीय हिंदू महासभा, हिंदू जागरण मंच का स्वर एक है।
दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
पीलीभीत के डिग्री कालेज चौराहा पर जाम लगाया और घटना के दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। अभाविप ने पुतला फूंककर विरोध जताया। थानाध्यक्ष के आश्वासन पर जाम को खोला जा सका। अभाविप कासगंज में निकाली गई तिरंगा यात्रा में हमले की घटना की कड़ी निंदा की गई। हमले में अभिषेक गुप्ता चंदन शहीद हो गए। अभाविप समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने डिग्री कालेज चौराहे पर जाम लगा दिया। अभाविप कार्यकर्ताओं ने हमलावरों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की। हिंदूवादी संगठन कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश शासन पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। अगर कार्रवाई नहीं की गई तो जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। डिग्री कालेज चौराहा पर जाम की सूचना पर सुनगढी थानाध्यक्ष मोहम्मद कासिम समेत पुलिस फोर्स पहुंच गए। चौराहा से जाने वाली रोड पर वाहनों की कतारें लग गई। इस वजह से लोग गंतव्य के लिए देरी से रवाना हो सके। कार्यकर्ताओं ने दोषियों का पुतला फूंककर विरोध प्रकट किया।
हिन्दू युवा वाहिनी ने किया प्रदर्शन
हिन्दू युवा वाहिनी ने बीसलपुर में तिरंगा यात्रा निकालकर शक्ति का प्रदर्शन किया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत हिन्दू युवा वाहिनी कार्यकर्ता शहर के प्रमुख बारह पत्थर स्थित शिव मंदिर परिसर में एकत्र हुए। यहां से उन्होंने तिरंगा यात्रा निकाली जो मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर बीसलपुर-पीलीभीत मार्ग, गोपी टाकीज मार्ग, बड़ा स्थल चौराहा, छोटा चौराहा, छोटा चौराहा, सर्राफा बाजार, कोतवाली रोड होता हुआ पुन: मंदिर परिसर में आकर सम्पन्न हो गया। यात्रा में कार्यकर्ता अपने हाथों में तिरंगा ध्वज लेकर व ढोल नगाड़े बजाते हुए भारत माता की जय जयकार कर रहे थे। यात्रा की अगुआई जिलाध्यक्ष ठाकुर मनीष सिंह कर रहे थे।
कासगंज जाने से रोकने पर प्राची गुस्सा
अलीगढ़-हाथरस की सीमाएं सील करने के बावजूद शनिवार को साध्वी प्राची ने हाथरस के सिकंदराराऊ के रास्ते से कासगंज जाने की कोशिश की। पुलिस के रोकने पर साध्वी और उनके समर्थक पंत चौराहे पर धरने पर बैठ गए। जाम भी लगा दिया। कुछ देर बाद अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय महासचिव पूजा शकुन पांडेय भी पहुंच गईं और कुछ देर बाद कासगंज की ओर चली गईं, मगर उन्हें बार्डर पर रोक दिया गया। करीब घंटेभर बाद प्राची अलीगढ़ लौटीं और एटा सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया के घर पहुंच गईं। बाद में दिल्ली लौट गईं। उन्होंने चेताया कि 24 घंटे में प्रशासन ने कठोर कार्रवाई नहीं की तो फिर कासगंज जाएंगी। यह भी कहा कि जिन्हें भारत माता और वंदे मातरम के जयकारों से दिक्कत है, उन्हें उठाकर पाकिस्तान भिजवा दिया जाए।