करोल बाग की घटना को देखते हुए दिल्ली सरकार ने 4 साल पूरा होने पर कार्यक्रम रद किया
कार्यक्रम के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का दिल्ली की जनता के नाम संबोधन होगा, जिसमें वह चार साल की उपलब्धियों के बारे में जानकारी देंगे।
नई दिल्ली, जेएनएन। आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली की सत्ता में काबिज होने के चार साल पूरे होने की सफलता पर मंगलवार का जश्न रद कर दिया गया है। दरअसल, करोल बाग के होटल अर्पित प्लेस में लगी आग के बाद 17 लोगों की मौत के मद्देनजर आम आदमी पार्टी ने कार्यक्रम रद करने का एलान किया है। इससे पहले इस उपलक्ष्य में इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन होना था। इसमें मुख्य रूप से गायक विशाल डडलानी का कंसर्ट (संगीत कार्यक्रम) होना था। कार्यक्रम के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का दिल्ली की जनता के नाम संबोधन होना था, जिसमें वह चार साल की उपलब्धियों के बारे में जानकारी देते।
14 फरवरी को बनी थी AAP सरकार
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली में आप की सरकार 2015 में 14 फरवरी को बनी थी। आप को दिल्ली की जनता ने दिल खोलकर वोट दिए थे। 70 सीटों वाली दिल्ली विधानसभा की 67 सीटें आम आदमी पार्टी ने ही जीत ली थीं। यह जीत केजरीवाल के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण थी, क्योंकि जिस भाजपा ने 2013 के विधानसभा चुनाव में 32 सीटें जीती थीं वह महज तीन सीटों पर सिमट गई थी। वहीं, 2013 में आठ सीटों पर सिमटने वाली कांग्रेस का दिल्ली से सफाया हो गया था। आप इसी प्रयास में है कि उसका मतदान फीसद और बढ़े।
मनीष सिसोदिया, उपमुख्यमंत्री, दिल्ली सरकार ने बताया की यह जनता द्वारा चुनी हुई जनता की सरकार है, जो जनता के लिए काम करती है। हमारा प्रयास है कि सरकार के इस कार्यकाल के बचे हुए एक साल में वे सभी कार्य पूरे करा लिए जाएं, जिनकी लोगों को जरूरत है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का सीधा संदेश है कि कितनी भी बाधाएं सामने आएं हम दिल्ली का विकास नहीं रुकने देंगे। हम जनता के लिए काम करते रहेंगे।