तमिलनाडु में योगेंद्र यादव हिरासत में लिए गए, एक्सप्रेस वे के खिलाफ कर रहे थे प्रदर्शन
तमिलनाडु में सलेम-चेन्नई एक्सप्रेस-वे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
चेन्नई (एएनआइ)। सलेम-चेन्नई एक्सप्रेस-वे (8-लेन) के विरोध में शनिवार को तिरुवन्नामलई में प्रदर्शन कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। यादव व उनके साथ इस प्रदर्शन में शामिल अन्य स्थानीय किसानों को पुलिस ले गई है। सामाजिक कार्यकर्ता ने अपने ट्विटर हैंडल के जरिए यह जानकारी दी है।
योगेंद्र यादव ने ट्वीट कर बताया, ‘अधिग्रहण व 8 लेन वाले एक्सप्रेस-वे पर पुलिस के हस्तक्षेप को लेकर मैंने तिरुअन्नामलई के कलेक्टर से बात की थी। उन्होंने पुलिस हस्तक्षेप से पूरी तरह इंकार कर दिया था।’
योगेंद्र यादव ने ट्वीट कर बताया कि जब वह किसानों से मिलने जा रहे थे उनको पुलिस ने रोका और हाथापाई की। उन्होंने बताया, तमिलनाडु पुलिस ने चेंगाम थाने में हिरासत में रखा है। हम यहां इस परियोजना के विरोध के लिये बुलावे पर आए थे। हमें किसानों से मिलने रोका गया, हमारे फोन छीन लिए, हाथापाई की गई और पुलिस में वैन में भर लिया गया।
उन्होंने एक दूसरे ट्वीट में बताया कि पुलिस ने उनसे कहा है कि उनकी मौजूदगी मे यहां पर कानून व्यवस्था की समस्या खड़ी हो सकती है। जब उन्होंने पुलिस से कहा वह किसानों से मिलने उनके घर जा रहे हैं तो भी पुलिस कप्तान ने इसकी इजाजत नहीं दी। यादव ने आगे ट्वीट कर कहा, 'ऐसा लगता है कि गांधी का सविनय अविज्ञा ही अब एक मात्र रास्ता है।'