विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 19, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कौन हैं नव्या हरिदास, जो वायनाड में प्रियंका गांधी को देंगी टक्कर; BJP ने बनाया है उम्मीदवार

By Agency Edited By: Sachin Pandey
Published: Sat, 19 Oct 2024 11:13 PM (IST)

Navya Haridas भाजपा ने आठ राज्यों में विधानसभा उपचुनावों के लिए 24 उम्मीदवारों के नाम भी घोषित किए है। इसी ...और पढ़ें

भाजपा ने प्रियंका के खिलाफ वायनाड से नव्या को प्रत्याशी बनाया है। (Photo- Internet Media)
भाजपा ने प्रियंका के खिलाफ वायनाड से नव्या को प्रत्याशी बनाया है। (Photo- Internet Media)

HighLights

  1. भाजपा ने आठ राज्यों में विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की।
  2. वायनाड से प्रियंका के सामने नव्या हरिदास को उतारा।

पीटीआई, नई दिल्ली। भाजपा ने केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए नव्या हरिदास को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इस सीट पर भाजपा की ओर से नव्या का मुकाबला कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और वामपंथी उम्मीदवार सीपीआई के सत्यन मोकेरी से होगा।

भाजपा ने वायनाड के अलावा, आठ राज्यों के विधानसभा उपचुनावों के लिए भी अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर नव्या हरिदास कोझिकोड निगम में पार्षद हैं और वर्तमान में भाजपा महिला मोर्चा की राज्य महासचिव हैं।

(वर्तमान में भाजपा महिला मोर्चा की राज्य महासचिव हैं। Photo- Facebook/ Navya Haridas)

कांग्रेस ने जून में ही कर दिया था एलान

कांग्रेस पार्टी ने जून में ही इसका एलान कर दिया था कि राहुल गांधी के इस्तीफे से खाली हुई वायनाड सीट से प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी। तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल और भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदराजन ने राहुल गांधी पर केरल की वायनाड लोकसभा सीट खाली कराकर लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया और कहा कि यह वंशवादी राजनीति का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।

वहीं, एलडीएफ उम्मीदवार सत्यन मोकेरी ने प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधते हुए अपना चुनाव अभियान शुरू किया और सवाल किया कि क्या वह यहां से जीतने पर निर्वाचन क्षेत्र में मौजूद रहेंगी।

प्रियंका गांधी 23 अक्टूबर को दाखिल करेंगी नामांकन

कांग्रेस महासचिव और यूडीएफ की उम्मीदवार प्रियंका गांधी वायनाड उपचुनाव के लिए 23 अक्टूबर को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, लोकसभा में विपक्ष के नेता और वायनाड के पूर्व सांसद राहुल गांधी उस दिन प्रियंका के साथ रहेंगे। उन्होंने बताया कि नामांकन दाखिल करने से पहले प्रियंका और राहुल एक रोड शो करेंगे।

(File Image)

विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के 24 उम्मीदवार घोषित

भाजपा ने आठ राज्यों में विधानसभा उपचुनावों के लिए 24 उम्मीदवारों के नाम भी घोषित किए है। भाजपा ने असम, बिहार, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, राजस्थान और बंगाल में होने वाले विधानसभा उपचुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की।

भाजपा ने बिहार की तरारी सीट से विशाल प्रशांत, रामगढ़ से अशोक कुमार सिंह को प्रत्याशी बनाया है। राजस्थान की झुंझनू से राजेंद्र भांबू और रामगढ़ से सुखवंत सिंह को प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा पार्टी ने और भी कई सीटों के लिए उम्मीदवार की घोषणा की है।

बंगाल के लिए भी उम्मीदवार घोषित

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने बंगाल में 13 नवंबर को होने वाले छह विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए शनिवार को अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। जिन छह सीटों पर उपचुनाव होना है, उसमें उत्तर 24 परगना जिले की नैहाटी व हरोआ, पश्चिम मेदिनीपुर जिले की मेदिनीपुर, बांकुड़ा जिले की तालडांगरा, अलीपुरद्वार की मादारीहाट और कूचबिहार जिले की सिताई शामिल है।