Move to Jagran APP

मध्य प्रदेश में भाजपा विधायकों को चेतावनी, सोशल मीडिया में जो रहेगा सक्रिय वही नेता बचेगा

मध्य प्रदेश प्रभारी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पी. मुरलीधर राव ने कहा कि आने वाले समय में जो विधायक सोशल मीडिया में सक्रिय रहेगा वही नेता बचेगा। सारे विधायक फेसबुक ट्विटर और इंस्टाग्राम पर सक्रिय हो जाएं।

By Dhyanendra Singh ChauhanEdited By: Published: Sat, 13 Feb 2021 08:05 PM (IST)Updated: Sat, 13 Feb 2021 08:18 PM (IST)
मध्य प्रदेश में भाजपा विधायकों को चेतावनी, सोशल मीडिया में जो रहेगा सक्रिय वही नेता बचेगा
मध्य प्रदेश में भाजपा के विधायकों के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का हुआ समापन

धनंजय प्रताप सिंह, उज्जैन। भारतीय जनता पार्टी के विधायकों के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शनिवार को समापन हो गया। समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव पी. मुरलीधर राव ने कहा कि आने वाले समय में जो विधायक सोशल मीडिया में सक्रिय रहेगा, वही नेता बचेगा। सारे विधायक फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर सक्रिय हो जाएं। आम लोग आपको अपनी समस्याएं इन्हीं प्लेटफार्म पर भेजेंगे, उनकी समस्याओं का समाधान भी आप इसी पर करें। आपके कार्यालय की व्यवस्था भी अब पेपरलेस हो जाना चाहिए। अब अच्छा नेता वही कहलाएगा जो इंटरनेट मीडिया में ज्यादा से ज्यादा सेवाएं देगा। अब लोग भौतिक उपस्थिति के बजाय मेल करना ज्यादा बेहतर समझते हैं।

loksabha election banner

राव ने यह भी कहा कि इंटरनेट मीडिया में यह नहीं कि सिर्फ अपने उद्घाटन-शिलान्यास के फोटो डाल दें, देश की समस्याओं पर भी अपने विचार रखें। राजनीतिक परिदृश्य क्या चल रहा है, उसके बारे में भी अपने विचार रखें।

कुछ क्षेत्रों से मंत्री नहीं बन पाए

राव ने कहा कार्यकर्ताओं के त्याग का सबसे बड़ा उदाहरण मध्य प्रदेश ही है। एक विधानसभा चुनाव में तुलसीराम सिलावट को हराने वाला जो कार्यकर्ता राजेश सोनकर था। इस उपचुनाव में उसी ने सिलावट को जिताने के लिए ताकत झोंक दी। ऐसा उदाहरण किस दल में मिलेगा। यह बात अलग है कि जिन परिस्थितियों में मध्य प्रदेश में सरकार बनी है, उसमें किसी क्षेत्र से कम और किसी क्षेत्र से ज्यादा मंत्री बन गए हैं। विधायक के मन में यह भाव कभी नहीं होना चाहिए कि मेरा क्या होगा? उसके काम का मूल्यांकन पार्टी करती है। संकल्प लेकर जाएं, अपने क्षेत्र को आदर्श बनाएं, पार्टी आपकी चिंता करेगी। आप भी यह भी ध्यान रखें कि कार्यकर्ताओं के लिए अपने दरवाजे कभी बंद न करें। कई बार ऐसा भी होता है कि दरवाजे बंद ही रहते हैं और खिड़की से लोग पार्टी में चले आते हैं।

संघ का स्वयंसेवक टिकट नहीं मांगता

मध्य प्रदेश के संगठन प्रभारी और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने भाजपा विधायकों को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विषय में विस्तार से जानकारी दी। शिवप्रकाश ने कहा संघ देश पर कब्जा करना नहीं चाहता है, भाजपा को चलाने का काम भी संघ नहीं करता है। संघ एक परिवार है और विचार है। संघ स्वयंसेवक तैयार करता है जो भाजपा के काम आते हैं। संघ और भाजपा की विचारधारा एक है। इसी कारण संघ भाजपा को सहयोग करता है, इसलिए संघ परिवार के वोट भी भाजपा को मिल जाते हैं। हमारा स्वयंसेवक कभी टिकट नहीं मानता है। कभी किसी पद प्रतिष्ठा के लालच में नहीं पड़ता है। कोरोना काल में संघ और हमारे सेवा भारती जैसे संगठनों का काम आप देखिए,तब समझ में आएगा कि संघ क्या है?

शिवप्रकाश ने ले ली विधायकों की हाजिरी

शिवप्रकाश ने विधायकों की हाजिरी ले ली। सबसे पहले मोबाइल बंद करवाए। उसके बाद कहा कि बताओ कितने विधायक-मंत्री आए हैं। गिनती करो। सभी विधायक-मंत्री खड़े हो गए, हालांकि गिनती नहीं हो पाई। तब प्रदेशाध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने बताया कि सिर्फ 10 विधायक और एक प्रदेश मंत्री नहीं आए हैं।

बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी: विजयवर्गीय

राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी विधायकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस साल बंगाल में भाजपा की सरकार अवश्य ही बनेगी। बंगाल ऐसा राज्य बन गया है जहां आतंकवाद और कट्टरवाद के अलावा कुछ भी नहीं बचा है। यह राष्ट्रीय महायज्ञ है, यदि इस बार सरकार नहीं बनी तो यह राज्य भी जम्मू-कश्मीर बन जाएगा। समापन सत्र के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अपने विचार रखे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.