असम नगर निगम चुनाव: सुबह 11 बजे तक 20.75 फीसद हुआ मतदान, तस्वीरें आईं सामने
आज सुबह 8 बजे से असम में 80 नगरपालिका बोर्डों के 977 वार्डों में चुनाव शुरु हो गए हैं। इस बार असम नगरपालिका चुनाव के लिए 2532 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। लाशबाड़ी गर्ल्स हाई स्कूल कामरूप जिले से मतदान की कुछ तस्वीरें सामने आईं हैं
नई दिल्ली, एएनआइ। असम में 80 नगरपालिका बोर्डों के 977 वार्डों में चुनाव के लिए आज सुबह 8 बजे से मतदान शुरु हो चुका है। राज्य चुनाव आयोग ने कहा कि नगर बोर्ड चुनाव में सुबह 11 बजे तक असम में 20.75 फीसद मतदान हुआ है। अब तक का सबसे अधिक मतदान बारपाथर नगर बोर्ड में 31.26 फीसद और सरुपथर में 30.06 फीसद दर्ज किया गया है। मतदान की प्रक्रिया शाम चार बजे तक जारी रहेगी । इस बार असम नगरपालिका चुनाव के लिए 2,532 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। 80 नगरपालिका वार्डों के लिए कुल 16,73,899 मतदाता हैं, जिनमें 8,32,348 पुरुष मतदाता हैं और 8,41,534 महिला मतदाता हैं, इसके साथ ही 17 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। आज सुबह से ही वोटरों का मतदान केंद्र पर ताता लगा हुआ है। लाशबाड़ी गर्ल्स हाई स्कूल, कामरूप जिले से कुछ तस्वीरें सामने आईं हैं, जिसमें लंबी लाइनों में वोटर्स खड़े होकर अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे हैं।
आपको बता दें कि असम के निकाय चुनावों के इतिहास में यह पहली बार होगा, जब इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (EVM) के जरिये मतदान किया जा रहा है। नगरपालिका बोर्डों के चुनाव की मतगणना नौ मार्च को की जाएगी। 2,532 उम्मीदवारों में, भाजपा ने सबसे अधिक 825 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारे हैं, इसके बाद, कांग्रेस ने 706 उम्मीदवार और असम गण परिषद (एजीपी) ने 243 उम्मीदवार इस चुनाव में एक दुसरे के सामने खड़े हैं।