केरल, मिजोरम और सिक्किम को मिले नए भाजपा अध्यक्ष, जेपी नड्डा ने सौंपी जिम्मेवारी
केरल मध्यप्रदेश और सिक्किम के लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव किया गया। यह नियुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा की गई।
नई दिल्ली, एएनआइ। देश के तीन राज्यों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को अपने नए अध्यक्षों के नाम का ऐलान किया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा को नियुक्त किया। इस पद पर पहले राकेश सिंह थे। साथ ही केरल के लिए के सुरेंद्रन को पार्टी का अध्यक्ष चुना गया। वहीं सिक्किम के लिए पार्टी अध्यक्ष के तौर पर दल बहादुर चौहान की नियुक्ति की गई।
इस मौके पर सुरेंद्रन ने कहा, ‘मैं अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा और पार्टी नेतृत्व के विश्वास के साथ न्याय करूंगा।’ पिछले साल मिजोरम के गर्वनर के तौर पर पीएस श्रीधरन पिल्लै की नियुक्ति के बाद से खाली इस पद पर अब जाकर नियुक्ति की गई है। संयोग से सुरेंद्रन का पचासवां जन्मदिन कुछ सप्ताह बाद है। इन्हें इनकी तीखी जुबान के कारण जाना जाता है साथ ही ये विपक्षी पार्टी के किसी भी सदस्य पर हमला बोल सकते हैं।
सुरेंद्रन ने भारतीय जनता पार्टी के छात्र विंग अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से अपना राजनीतिक करियर शुरू किया। अपने राजनीतिक करियर के शुरुआत में वे उत्तर मालाबार जिला सहकारी विपणन सोसाइटी के निदेशक रहे फिर डिसा सेवा संस्कारिका केंद्र में अध्यक्ष पद को संभाला और राष्ट्रीय युवा सहकारी समिति के निदेशक मंडल के संस्थापक और नेहरू युवा केंद्र के सलाहकार बोर्ड के सदस्य जैसे विभिन्न पदों पर कार्य किया।पार्टी के लिए वे लोकप्रिय चेहरा हैं जब भी पार्टी अपने उम्मीदवारों का नाम विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए लेते हैं तब सबसे पहले सुरेंद्रन का नाम लिया जाता है। 2016 में उन्होंने इंडियन मुस्लिम लीग के विधायक पीबी अब्दुल रज्जाक को गंभीर चुनौती दी थी। रज्जाक केवल 89 वोटों से मंजेश्वरम विधानसभा चुनाव जीते थे।
मध्य प्रदेश के मुरैना निवासी विष्णु दत्त शर्मा की पहचान राज्य में राजनीति के बड़े चेहरे के तौर पर की जाती है। खजुराहो से भाजपा सांसद विष्णु दत्त शर्मा 32 वर्षों से राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने अपनी राजनीति की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की।