पश्चिम बंगाल: चुनाव बाद भी भाजपा-तृणमूल समर्थकों में हिंसक संघर्ष जारी, तीन की मौत
बंगाल में तृणमूल कांग्रेस तथा भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस कड़ी में शनिवार को तीन भाजपा कार्यकर्ताओं की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
कोलकाता, जेएनएन। पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद भी सियासी हिंसा का दौर जारी थमा नहीं है। शनिवार शाम को उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली इलाके में झंडा खोलने को लेकर तृणमूल और भाजपा समर्थकों में जमकर संघर्ष हुआ। इसमें तीन लोगों के मारे जाने की खबर है। उत्तर 24 परगना जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष व मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक ने दावा किया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता कयूम मोल्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। वहीं, प्रदेश भाजपा महासचिव सायंतन बसु ने दावा किया है कि भाजपा के तीन कार्यकर्ताओं की हत्या की गई है और दो लापता हैं। पुलिस की ओर से मरने वालों की संख्या को लेकर कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।
बताया जा रहा है कि भाजपा का झंडा खोलने को लेकर तृणमूल व भाजपा समर्थकों के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद गहराता चला गया। इस बीच वहां दोनों गुटों के लोगों के बीच हाथापाई शुरू हो गई, जिससे पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। इस दौरान जमकर गोलीबारी हुई। इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति की मौत हो गई।
अलबत्ता, भाजपा नेता सायंतन बसु ने पार्टी कार्यकर्ताओं के मारे जाने की जानकारी देते हुए कहा कि सभी तृणमूल के गुंडों की गोली से मारे गए हैं। मरने वालों में सुकांत मंडल, प्रदीप मंडल, तपन मंडल के नाम शामिल हैं। इसके इतर कई पार्टी कार्यकर्ता जख्मी हुए हैं। वहीं, तृणमूल नेता ज्योतिप्रिय मल्लिक का कहना है कि भाजपा ने बूथ कमेटी की बैठक के दौरान हमला किया है। इसमें पार्टी के एक कार्यकर्ता की मौत हुई है।
पुलिस भी इलाके में जाने से डर रही
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। अंधेरा होने की वजह से पुलिस भी जाने से बच रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप