उप राष्ट्रपति ने कहा-आतंकियों को संरक्षण देकर पड़ोसी ने अपना व मानवता का नुकसान किया
उप राष्ट्रपति ने कहा आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई किसी धर्म के खिलाफ नहीं है। देशवासियों को टीम इंडिया की तरह मिलकर काम करना होगा।
नई दिल्ली, प्रेट्र। आतंकवाद को संरक्षण देकर पड़ोसी देश ने खुद अपना और मानवता का नुकसान किया। इसके चलते पूरी दुनिया की राय उसके बारे में बदल गई। एक कार्यक्रम में यह बात उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने पाकिस्तान का नाम लिए बगैर कही।
पाकिस्तान पर किया करारा वार
उप राष्ट्रपति ने कहा, हमारा पड़ोसी आतंकियों को धन, धरती और प्रशिक्षण मुहैया कराता है। उनकी हर तरह की मदद करता है। उसे इस बात का एहसास नहीं है कि ऐसा करके उसने मानवता और खुद अपना कितना बड़ा नुकसान किया है। जबकि भारत की नीति पड़ोसियों और अन्य सभी देशों के साथ मित्रता की है।
भारत ने कभी किसी देश पर आक्रमण नहीं किया। जब हमारे साथ किसी ने गलत किया तब हमने जवाब दिया और उस समय पूरा देश एकजुट रहा। आतंकियों को बढ़ावा देने और उन्हें सुरक्षित शरण मुहैया कराने वाले देशों को हम बर्दाश्त नहीं कर सकते।
नायडू ने कहा- देश को मजबूत, विकसित बनाने और विनाशकारी ताकतों से बचाने के लिए देशवासियों को टीम इंडिया की तरह मिलकर काम करना होगा। हमें उसी तरह की एकजुटता और इच्छाशक्ति का प्रदर्शन करना होगा, जैसा दो दिन पहले सीमापार आतंकवाद को जवाब देने के लिए किया गया।
उप राष्ट्रपति ने कहा, आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई किसी धर्म के खिलाफ नहीं है। यह बात विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ऑर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कंट्रीज (ओआइसी) के सम्मेलन में साफ कर दी है। हमें दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में व्याप्त गरीबी, अशिक्षा और बेरोजगारी की समस्या को दूर करना है। ऐसे देशों को बढ़ावा देना है जो लोगों को हुनरमंद बनाते हैं, न कि उन्हें हत्या करना सिखाते हैं।