विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 02, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अभिनेत्री मौसमी चटर्जी भाजपा में शामिल, ममता के खिलाफ लड़ चुकी हैं चुनाव

By Arun Kumar SinghEdited By:
Published: Wed, 02 Jan 2019 06:09 PM (IST)Updated: Wed, 02 Jan 2019 09:17 PM (IST)

मशहूर अभिनेत्री मौसमी चटर्जी बुधवार को भाजपा में शामिल हो गईं।

अभिनेत्री मौसमी चटर्जी भाजपा में शामिल, ममता के खिलाफ लड़ चुकी हैं चुनाव
अभिनेत्री मौसमी चटर्जी भाजपा में शामिल, ममता के खिलाफ लड़ चुकी हैं चुनाव

जागरण संवाददाता, कोलकाता। लोकसभा चुनाव से पहले बॉलीवुड अभिनेत्री मौसमी चटर्जी बुधवार को भाजपा में शामिल हो गईं। दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व पश्चिम बंगाल प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने मौसमी के भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। इस मौके पर मौसमी के साथ भाजपा नेता मुकुल राय भी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि मौसमी चटर्जी 2004 के बाद सक्रिय राजनीति में वापसी कर रही हैं। 2004 में मौसमी ने पश्चिम बंगाल से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गई थीं। इससे पहले ऐसी खबरें आई थीं कि प्रदेश भाजपा के एक शीर्ष नेता ने मौसमी के साथ मुंबई में बैठक की थी। इसके बाद ही उनके भाजपा में शामिल होने के कयास लग रहे थे, जिस पर बुधवार को मुहर लग गई।

वहीं, 2014 में मौसमी ने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के साथ मुलाकात की थी, तब यह कयास लग रहे थे कि वह तृणमूल में शामिल हो सकती हैं। हालांकि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पश्चिम बंगाल भाजपा में उनकी भूमिका क्या होगी इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

 मशहूर अभिनेत्री रह चुकी हैं मौसमी  
बता दें कि मौसमी चटर्जी का जन्म 26 अप्रैल, 1948 को कोलकाता में हुआ था। मौसमी उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में हैं, जिन्होंने शादी और बच्ची के जन्म के बाद फिल्म उद्योग में कदम रखा। 18 वर्ष की उम्र में बेटी को जन्म देने के बाद मौसमी चटर्जी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी।

19 साल की उम्र में उन्होंने बंगाली फिल्म से डेब्यू किया। बंगाली के बाद उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा और अपनी बेहतरीन एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीता। उन्होंने राजेश खन्ना, शशि कपूर, जितेंद्र और संजीव कुमार जैसे दिग्गज अभिनेताओं के साथ बॉलीवुड में काम किया है।