सभी दल मिलकर पास कराएं महिला आरक्षण बिल: वेंकैया नायडू
उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने महिला आरक्षण बिल को पास कराने पर जोर दिया है। उन्होंने राजनीतिक दलों से बिल को पारित कराने का अनुरोध किया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने महिला आरक्षण बिल को पास कराने पर जोर दिया है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से आम सहमति से बिल को पारित कराने का अनुरोध किया है। इस बिल के जरिए संसद और राज्य विधानसभाओं में 33 फीसद सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान किया गया है।
नीति आयोग द्वारा आयोजित 'वूमेन ट्रांसफॉर्मिग इंडिया अवार्ड्स 2018' में उप राष्ट्रपति ने कहा कि पंचायतों और नगर पालिकाओं में महिलाओं के लिए सीटों के आरक्षण के सफल नतीजे सामने आए हैं। आपको बता दें कि महिला आरक्षण बिल को राज्यसभा की मंजूरी मिल गई है, लेकिन लोकसभा में यह बिल 2010 से लंबित पड़ा है।
नायडू ने कहा कि महिला उद्यमियों को पुरुष उद्यमियों की तुलना में असमान चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। महिलाओं ने पहले भी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी कुशलता का परिचय दिया है और आगे भी मौका मिले तो महिलाएं पुरुषों से बेहतर प्रदर्शन करेंगी।
उप राष्ट्रपति ने समाज की सभी महिलाओं की शिक्षा पर जोर दिया। उप राष्ट्रपति ने कहा कि भारत की जीडीपी में महिलाओं की सहभागिता सिर्फ 17 फीसद है, जबकि चीन में 41 फीसद।
इस मौके पर नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत ने कहा कि महिलाओं के रोजगार के लिए देश में रोजगार के नए-नए अवसर तलाशने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में टेनिस स्टार सानिया मिर्जा भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को खुद में भरोसा करना होगा। सानिया ने कहा,'अपने सपनों पर भरोसा करें, इसे हासिल करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है, लेकिन यह असंभव नहीं है।'