राज्यसभा के उपसभापति पैनल के लिए वेंकैया नायडू ने छह सदस्यों को किया नामित
भाजपा के सुरेंद्र सिंह नागर और भुवनेश्वर कलीता कांग्रेस के एल हनुमंथैया राकांपा की वंदना चव्हाण तृणमूल कांग्रेस के सुखेंदु शेखर राय बीजद के सस्मित पात्रा को नामित किया गया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। पहली बार सांसद बने सस्मित पात्रा और एल हनुमंथैया उन छह सांसदों में हैं, जिन्हें राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने उपसभापति के पैनल के लिए नामित किया है। भाजपा के सुरेंद्र सिंह नागर और भुवनेश्वर कलीता, कांग्रेस के एल हनुमंथैया, राकांपा की वंदना चव्हाण, तृणमूल कांग्रेस के सुखेंदु शेखर राय और बीजद के सस्मित पात्रा को नायडू ने उपसभापति के पैनल के लिए चुना है।
राज्यसभा के सभापति विभिन्न पार्टियों के सदस्यों को उपसभापति के पैनल के लिए मनोनीत करते हैं। सभापति और उपसभापति की गैरमौजूदगी में पैनल का कोई सदस्य सदन की कार्यवाही का संचालन करता है। सदस्यों को पैनल के लिए मनोनीत करते समय सभापति आमतौर पर सदन में पार्टियों के संख्या बल का भी ध्यान रखते हैं और वे उन पार्टियों के नेताओं से भी विचार-विमर्श कर सकते हैं। जदयू के हरिवंश के रिटायर होने के बाद से राज्यसभा में उपसभापति का पद अभी रिक्त है।
नायडू ने 65 राज्यसभा सदस्यों को संसदीय समितियों में नामित किया
राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू ने उच्च सदन के 65 सदस्यों को संसद से संबंधित विभिन्न स्थायी समितियों में नामित किया। इनमें बुधवार को शपथ लेने वाले सदन के नए सदस्य भी शामिल हैं। नामांकन 45 सदस्यों को शपथ दिलाने के एक दिन बाद किया गया। ज्योतिरादित्य सिंधिया और थंबी दुरई को मानव संसाधन विकास से जुड़ी स्थायी समिति में नामित किया गया है। दिग्विजय सिंह को शहरी विकास, जबकि शरद पवार को रक्षा से संबंधित समिति में मनोनीत किया गया है। जिन संसद सदस्यों को अभी शपथ लेनी है, उन्हें भी कई समितियों में शामिल किया गया है। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा को रेलवे, तिरुचि शिवा को परिवहन और पर्यटन और दिनेश त्रिवेदी को गृह मामलों से जुड़ी संसदीय समिति में शामिल किया गया है। भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश और राज्यसभा सदस्य रंजन गोगोई को विदेश मामलों की समिति में शामिल किया गया है।
सत्यनारायण जटिया की सदस्यता समाप्त होने के बाद डॉ. विनय पी सहस्त्रबुद्धे को मानव संसाधन विकास समिति के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है।विभिन्न समितियों में नामित अन्य सदस्यों में मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका चतुर्वेदी (वाणिज्य), शिबू सोरेन (कोयला और इस्पात), प्रेम चंद गुप्ता और राजीव सातव (रक्षा), अरुण सिंह (जल संसाधन), शक्तिसिंह गोहिल (सूचना प्रौद्योगिकी) शामिल हैं। भागवत कराड (पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस) और रामिलाबेन बारा (सामाजिक न्याय और अधिकारिता) से संबंधित स्थायी समिति में मनोनीत किए गए हैं।