मोइली के ट्वीट से कांग्रेस और राजनीतिक हलके में तूफान, बाद में ट्वीट से मुकरे
वीरप्पा मोइली के ट्विटर हैंडल से कहा गया था कि कांग्रेस में पैसे की बड़ी भूमिका है और इसी से कर्नाटक के टिकट तय होंगे।
बेंगलुरु (पीटीआई)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री एम. वीरप्पा मोइली के एक विवादास्पद ट्वीट ने कांग्रेस की खूब किरकिरी कराई है। मोइली के ट्विटर हैंडिल से ट्वीट किया गया कि उनकी पार्टी में पैसे की बड़ी भूमिका है। इसी से तय होता है कि कर्नाटक के आने वाले चुनाव में किसे टिकट मिलेगा। हालांकि मोइली ने खुद इस पोस्ट से इन्कार करते हुए कहा, 'ये मैंने नहीं किया है।'
एम. वीरप्पा मोइली कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष हैं। अपुष्ट ट्विटर हैंडल से किए ट्वीट में शुक्रवार को कहा गया, 'आइएनसी (इंडियन नेशनल कांग्रेस) पैसे के लिए राजनीति कर रही है। हम कर्नाटक के पीडब्लूडी मंत्री के साथ उनकी साठगांठ और उनके ठेकेदारों को बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं।'
जैसे ही यह ट्वीट सोशल मीडिया में वायरल हुआ और राजनीतिक हलके में तूफान मचा मोइली ने संपर्क करने पर कहा, 'यह गलती किसी और ने की है। वह ट्विटर हैंडल मेरे नियंत्रण में नहीं है।' यह पूछे जाने पर कि क्या उनके ट्विटर एकाउंट को हैक कर लिया गया है, उन्होंने कहा-मैं ऐसा नहीं कर सकता। लेकिन इसके बावजूद यह सही नही है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। यह बाहर नहीं आना चाहिए था। यह मैंने नहीं किया। यह किसी और ने किया है। मैं पार्टी के मामलों को सार्वजनिक नहीं करना चाहता।
इसके एक मिनट बाद ही वीरप्पा मोइली के बेटे हर्ष मोइली के ट्विटर हैंडल से वही पोस्ट जारी की गई। इस ट्वीट में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को टैग किया गया था। यह दोनों ही ट्वीट बाद में डिलीट कर दिए गए। इन ट्वीट में मुख्यत: कर्नाटक के पीडब्लूडी मंत्री एचसी महादेवअप्पा को निशाना बनाया गया था जो कि सीएम सिद्धरमैया के खास हैं।
बताया जा रहा है कि वीरप्पा मोइली के ट्वीट के विवाद के पीछे महादेवअप्पा का विधासभा चुनाव में टिकट के लिए मोइली के बेटे हर्ष का पत्ता काटना है। कुछ अरसे पहले स्क्रीनिंग पैनल बैठक में महादेवअप्पा ने हर्ष मोइली को करकाला से टिकट देने के संबंध में नकारात्मक टिप्पणी की थी। इस विवाद पर पीडब्लूडी मंत्री महादेवअप्पा ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। मुझे सोशल मीडिया की जानकारी नहीं है। इसलिए मैं ट्वीट भी नहीं जानता हूं।
कांग्रेस की आंतरिक कलह पर कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष बीएस येद्दयुरप्पा ने कहा कि मोइली के ट्वीट से साफ है कि सिद्धरमैया बस दस फीसद सीएम हैं। येद्दयुरप्पा ने यह टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाल ही में राज्य की रैली में दिए गए उस भाषण के आधार पर की जिसमें पीएम ने सिद्धरमैया सरकार को दस फीसद कमीशन सरकार बताया था।