केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा- राहुल गांधी की शह पर थरूर ने उड़ाया कुंभ का मजाक
ईरानी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की चुप्पी बताती है कि थरूर के हिंदुत्व के अपमान को उनका समर्थन है। थरूर अक्सर हिंदुत्व पर निशाना साधते रहते हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भाजपा ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर पर हिंदुत्व का अपमान करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की 'चतुर चाल' पर उनकी पार्टी के सांसद ने यह काम किया है।
कुंभ में स्नान करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगियों की तस्वीर के साथ थरूर के ट्वीट करने के बाद भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने विपक्षी पार्टी पर हमला किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुंभ आस्था का एक उत्सव और हिंदुओं की आस्था का बड़ा प्रतीक भी है। थरूर की टिप्पणी से यह धार्मिक कलंक प्रतिध्वनित होता है।
ईरानी ने कहा कि यह घटिया है और उन्होंने राहुल गांधी के समर्थन से यह काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की चुप्पी बताती है कि थरूर के हिंदुत्व के अपमान को उनका समर्थन है। थरूर अक्सर हिंदुत्व पर निशाना साधते रहते हैं।
राहुल पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह अपनी पार्टी के नेताओं को हिंदुओं की आस्था पर हमला करने की अनुमति देते हैं लेकिन जब चुनाव करीब होता है तो जनेऊ धारण करते हैं।