मुख्य निर्वाचन अधिकारी के लिए मिजोरम सरकार ने भेजे तीन नाम
मिजोरम सरकार ने राज्य के नए मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के लिए तीन आइएएस अधिकारियों का नाम प्रस्तावित किया है।
आइजल, प्रेट्र। मिजोरम सरकार ने राज्य के नए मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के लिए तीन आइएएस अधिकारियों का नाम प्रस्तावित किया है। जिनका नाम भेजा गया है, उनमें लालमिनथंगा, एच लालेंगमाइवा और केएल लालमवइवा हैं। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी। कुछ दिनों पहले विवादों के बाद राज्य के सीईओ एबी शशांक को हटा दिया गया। इसके बाद नए सीईओ के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग ने राज्य सरकार से अधिकारियों के नाम भेजने को कहा था।
दरअसल, पूर्व सीईओ शशांक ने पूर्व प्रमुख सचिव लालनुनमइवा छुआंगो पर चुनाव प्रक्रिया में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया था। इसके बाद इस महीने की शुरुआत में उन्हें हटा दिया गया था। गुजरात कैडर के अधिकारी और मिजोरम के स्थानीय निवासी छुआंगो को हटाने के बाद हजारों लोग विरोध स्वरूप सड़कों पर उतर आए।
प्रदर्शनकारियों ने शशांक का कार्यालय घेर लिया। स्थिति तब और गंभीर हो गई, जब प्रदर्शकारियों ने शशांक को तुरंत मिजोरम छोड़कर जाने का अल्टीमेटम दे दिया। बुधवार को उनके जाने के बाद राज्य में शांति स्थापित हो सकी।