जयललिता की जयंती बाल संरक्षण दिवस के रुप में मनाएगी तमिलनाडु सरकार, CM पलानीस्वामी ने की घोषणा
तमिलनाडु सरकार राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत जे जयललिता की जयंती महिला बाल संरक्षण दिवस के रुप में मनाएगी।
चेन्नई, एएनआइ। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एडप्पादी के पलानीस्वामी ने राज्य विधानसभा में घोषणा करते हुए कहा कि हमारे राज्य सरकार पूर्व सीएम जे जयललिता का जन्मदिन 24 फरवरी को राज्य महिला बाल संरक्षण दिवस के रुप में मनाएगी। क्योंकि, जे जयललिता ने महिलाओं और बच्चों के लिए काम किया था। साथ ही उनके लिए कई योजनाएं भीु शुरु की थी। वही इससे पहले जयललिता की जयंती को लेकर अन्नाद्रमुक ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा था कि वह रक्तदान और चिकित्सा शिविरों का आयोजन करके गरीबों की मदद करें।
पार्टी द्वारा जारी की गई प्रेस रिलीज में कहा गया था कि पार्टी के शीर्ष नेता ओ पन्नीरसेल्वम और के पलानीस्वामी 24 फरवरी को सबसे पहले पार्टी मुख्यालय पहुंचकर दिवंगत मुख्यमंत्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। साथ ही कहा गया है कि छात्रों के लिए रक्तदान शिवरों और चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाए। साथ ही उन्हें सहायता दी जाए। मुफ्त विवाह आयोजित करने के साथ ही वृद्धाश्रम में लोगों को खाना खिलाने को लेकर भी योजना बनाई जा रही है।
जयललिता का जन्म 24 फरवरी 1948 को एक तमिल परिवार में हुआ। वह पुराने मैसूर राज्य के मांड्या जिले के पांडवपुरा तालुक के मेलुरकोट गांव में पैदा हुई थीं। बता दें कि जयललिता 80 के दशक में अपने गुरु और पार्टी के संस्थापक एम जी रामचंद्रन (MGR) के निधन के बाद अभिनेता से राजनेता बनीं थी। इसके बाद AIADMK की बागडोर उनके हाथों में दी गई। 1991 में पहली बार वह मुख्यमंत्री बनीं थी।
जयललिता को उनकी उनकी उल्लेखनीय वापसी के लिए जाना जाता है। साथ ही उन्होंने 2001, 2011 और 2016 में विधानसभा चुनावों में जीत के लिए पार्टी के नेतृत्व किया था। अपने समर्थकों के बीच वह अब भी पुरैची थलाइवी (क्रांतिकारी नेता) के रूप में जानी जाती हैं। उनके समर्थक उन्हें प्यार से अम्मा कहकर पुकारते थे। 5 दिसंबर 2016 में दिल का दौरा पड़ने के बाद उनका निधन हो गया था।