दूसरे के कार्यो का श्रेय लेना कांग्रेसियों की पुरानी आदत, भगवान उन्हें सद्बुद्धि दे : मनोज सिन्हा
रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कांग्रेसियों के लिए भगवान से उन्हें सद्बुद्धि देने की कामना की।
बालाघाट, (नईदुनिया)। मध्य प्रदेश के बालाघाट से समनापुर व नैनपुर से चिरईडोंगरी ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने कांग्रेसियों के लिए भगवान से उन्हें सद्बुद्धि देने की कामना की। उन्होंने कहा कि परसवाड़ा से कांग्रेस विधायक मधु भगत भी इस शुभारंभ कार्यक्रम में अतिथि के रूप में बुलाया था, लेकिन पता नहीं कि क्या बात हो गई कि वह कार्यक्रम में बिना शामिल हुए ही चले गए। मैं अनुपस्थित विधायक का भी अभिनंदन करता हूं। ये कांग्रेसियों की पुरानी आदत है कि दूसरे के कार्यो का श्रेय स्वयं ही लेने पहुंच जाते हैं। हालांकि कार्यक्रम के बाद मधु भगत केंद्रीय मंत्री से मिले और उनसे चर्चा भी की।
विवाद का कारण
बालाघाट रेलवे स्टेशन पर बालाघाट से समनापुर व नैनपुर से चिरईडोंगरी के बीच ब्रॉडगेज ट्रेन के शुभारंभ के लिए कार्यक्रम में कांग्रेसी विधायक मधु भगत अपने कार्यकर्ताओं के साथ ब्रॉडगेज का श्रेय कमलनाथ को दे रहे थे और अपनी पार्टी के झंडे भी लहरा रहे थे। इसका विरोध भाजपा कार्यकर्ताओं ने ये कहकर किया कि भाजपा सरकार का कार्यक्रम होने के बाद भी उन्होंने भाजपा के झंडे कार्यक्रम स्थल से बाहर लगाए हैं और कांग्रेसी कार्यक्रम स्थल के अंदर ही झंडे लहरा कर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसे भाजपाइयों ने तत्काल ही पुलिस से रोकने की मांग की।
मंच पर नहीं मिली किसी और को अनुमति
भाजपा कार्यकर्ता व मंच का संचालन कर रहे लोगों के बीच कांग्रेसी विधायक व अन्य कांग्रेसियों के साथ इसलिए विवाद की स्थिति बनी कि मंचीय कार्यक्रम में प्रोटोकॉल के तहत विधायक तो अतिथि के रूप में शामिल थे, लेकिन वह अपने साथ ब्रॉडगेज संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूपसिंह बैस को भी मंच पर साथ ले जाना चाहते थे। इसकी अनुमति उन्हें नहीं मिली और विवाद की स्थिति हो गई।
जनवरी 2019 तक गोंदिया से जबलपुर के बीच ट्रेन
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सिन्हा ने जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज परियोजना के अंतर्गत बालाघाट से समनापुर व नैनपुर से चिरईडोंगरी ट्रेन का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि गोंदिया से जबलपुर के बीच की कड़ी को जोड़ने वाली दूरी को कुछ हद तक कम कर दिया गया है और जनवरी 2019 में इस दूरी को भी कम कर दिया जाएगा।