विदेशी नेताओं ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर जताया शोक, कुछ इस तरह दी श्रद्धांजलि
पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने एम्स में अपनी आखिरी सांस ली। मंगलवार देर रात दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। विदेश तक के नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
नई दिल्ली,एजेंसी। RIP Sushma swaraj पूर्व विदेश मंत्री और भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज मंगलवार देर रात इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह गई। दिल का दौरा पड़ने से दिल्ली के एम्स (AIIMS) में उनका निधन हो गया। 67 वर्षीय सुषमा स्वराज के निधन पर देश और दुनिया के तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने कहा कि सुषमा स्वराज एक कद्दावर नेता और महान वक्ता थीं। साथ ही उन्होंने उनके परिवार और भारत के प्रति सहानुभूति जताई।
उनके अलावा अफगानिस्तान के विदेश मंत्री एस रब्बानी ने कहा कि वह भारत की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के अचानक निधन से दुखी हैं। उन्होंने भी भारत सरकार और भारतीयों के लिए सहानुभूति देते हुए स्वराज को विशिष्ट और दृढ़निश्चयी प्रतिनिधि बताया।
मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि वह 'गुड फ्रेंड' के निधन से बहुत दुखी हैं। उन्होंने स्वराज को असाधारण डिप्लोमैट बताया और कहा कि वह भारत मालदीव की दोस्ती की शिल्पकार थीं।
पड़ोसी देश नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत के एक वरिष्ठ राजनीतिक नेता और पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वाज के निधन की जानकारी से गहरे सदमे में हैं। साथ ही उन्होंने भारत सरकार और भारतीयों के लिए के प्रति गहरी संवेदना जाहिर की।
रूस के विदेश मंत्रालय ने भी सुषमा स्वराज के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि हम इस मैत्रीपूर्ण देश के पूर्व विदेश मंत्री के निधन पर भारत के लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप