Move to Jagran APP

डिनर डिप्लोमेसी से तीसरे मोर्चे की सियासत थामेंगी सोनिया

कांग्रेस डिनर के सहारे तीसरे मोर्चे की बजाय भाजपा के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक विपक्षी एकजुटता वाले गठबंधन की राजनीतिक जरूरत का संदेश देने की कोशिश करेगी।

By Manish NegiEdited By: Published: Tue, 06 Mar 2018 10:44 PM (IST)Updated: Tue, 06 Mar 2018 10:44 PM (IST)
डिनर डिप्लोमेसी से तीसरे मोर्चे की सियासत थामेंगी सोनिया
डिनर डिप्लोमेसी से तीसरे मोर्चे की सियासत थामेंगी सोनिया

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। मजबूत विपक्ष के लिए तीसरे मोर्चे की शुरू हुई सियासी सरगर्मियों को थामने की रणनीति के तहत संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने डिनर डिप्लोमेसी के बहाने विपक्षी नेताओं को एकजुट करने की फिर पहल की है। संसद सत्र के दौरान 13 मार्च को सोनिया के इस रात्रि भोज का न्यौता पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत विपक्षी खेमे के सभी दलों के नेताओं को भेजा गया है। कांग्रेस इस डिनर के सहारे तीसरे मोर्चे की बजाय भाजपा के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक विपक्षी एकजुटता वाले गठबंधन की राजनीतिक जरूरत का संदेश देने की कोशिश करेगी।

loksabha election banner

पार्टी सूत्रों ने यूपीए प्रमुख की विपक्षी नेताओं के लिए आयोजित रात्रिभोज के कार्यक्रम की पुष्टि करते हुए कहा कि संसद सत्र के दौरान सोनिया गांधी विपक्षी नेताओं से राष्ट्रीय हित के मुद्दों पर व्यापक चर्चा के लिए ऐसी पहल करती रही हैं। इस लिहाज से डिनर की पहल नई नहीं है मगर तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की भाजपा के खिलाफ तीसरे मोर्चे के विकल्प की छेड़ी गई सियासी तान से यह रात्रिभोज अहम बन गया है। खासतौर पर यह देखते हुए कि केसीआर के तीसरे मोर्चे के सियासी सिक्के को तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने लपकते हुए इसकी शुरूआती राजनीतिक पहल भी कर दी है। केसीआर से बात करने के बाद ममता ने द्रमुक के कार्यकारी अध्यक्ष एम के स्टालिन से भी सोमवार को फोन पर बात कर ली।

ममता और केसीआर की यह पहल कांग्रेस के लिए राजनीतिक चुनौती है क्योंकि तीसरे मोर्चे का कोई विकल्प उभरता है तो उसका सियासी नुकसान कांग्रेस को होगा। इतना ही नहीं तीसरा मार्चा बनने की स्थिति में भाजपा के खिलाफ 2019 में व्यापक मजबूत विपक्षी महागठबंधन की कांग्रेस की राजनीतिक योजना पर भी पानी फिर जाएगा। जाहिर तौर पर कांग्रेस लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी खेमे में टूट का संदेश नहीं जाने देना चाहती है।

इसीलिए सोनिया गांधी का यह डिनर एक तरह से विपक्षी नेताओं के जमावड़े का संदेश देने का प्रयास होगा। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि इस भोज में शरद पवार, सीताराम येचुरी के अलावा द्रमुक, राजद, नेशनल कांफ्रेंस आदि दलों के नेताओं ने शामिल होने की पुष्टि कर दी है। तृणमूल कांग्रेस के नेता भी इसमें शामिल होंगे मगर ममता बनर्जी की ओर से अभी इस आयोजन के लिए दिल्ली आने की पुष्टि नहीं की गई है। यूपीए अध्यक्ष के इससे पहले हुए भोज में भी ममता शामिल नहीं हुई थीं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.