फंसे कर्जों के लिए सीतारमण ने संप्रग काल को ठहराया जिम्मेदार
विजय माल्या और नीरव मोदी जैसे भगोड़े उद्योगपतियों का जिक्र करते हुए सीतारमण ने कहा कि कर्ज देने में जरूरी सतर्कता नहीं बरती गई।
चेन्नई, प्रेट्र। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को सार्वजनिक एवं निजी बैंकों के फंसे बड़े कर्जों के लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत संप्रग सरकार को जिम्मेदार ठहराया। विजय माल्या और नीरव मोदी जैसे भगोड़े उद्योगपतियों का जिक्र करते हुए सीतारमण ने कहा कि कर्ज देने में जरूरी सतर्कता नहीं बरती गई।
इसी वजह से कर्ज नहीं चुकाने वाले लोग देश छोड़कर भाग गए और बैंकों के पास और कर्ज देने के लिए धनराशि बची ही नहीं। मालूम हो कि रक्षा मंत्रालय संभालने से पहले सीतारमण कारपोरेट व वित्त मंत्रालय में राज्यमंत्री और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) थीं।
भाजपा से जुड़े व्यापारियों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि संप्रग काल में सत्ता में बैठे लोगों की ओर से एक फोन कॉल पर बैंकों ने बिना आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किए बड़े-बड़े कर्ज बांट दिए और उन कर्जों को आज तक नहीं लौटाया गया है। नीतियां तो बैंकों को कर्ज देने की अनुमति प्रदान करती हैं, लेकिन धन नहीं होने की वजह से वे कर्ज देने को तैयार नहीं हैं।