'संबल' को बंद किया तो मुश्किल कर दूंगा सरकार चलाना...शिवराज की कांग्रेस सरकार को चुनौती
शिवराज सिंह चौहान का कमलनाथ सरकार पर बड़ा हमला, कहा- संबल योजना बंद की तो सरकार चलाना मुश्किल कर दूंगा।
भोपाल, नईदुनिया। मध्य प्रदेश में भले ही भाजपा सत्ता से बेदखल हो गई हो, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अब भी एक्शन मोड में ही काम कर रहे हैं। जनसभाओं, बैठकों और लोगों से संवाद का सिलसिला जारी रखते हुए शिवराज लगातार कांग्रेस सरकार को घेर रहे हैं। गुरुवार को भीम नगर में संवाद कार्यक्रम के दौरान भी पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथ लिया।
उन्होंने कहा, 'आप लोग सोच रहे होंगे कि अभी तो चुनाव हारा है और फिर आ गया, लेकिन हमें चुनाव परिणामों से फर्क नहीं पड़ता। यह सरकार भी लंगड़ी है। विधायक धमकी दे रहे हैं कि मंत्री नहीं बनाया तो सरकार गिरा देंगे। बैसाखी पर चलने वाली सरकार बनानी होती तो हम भी बना लेते। पहले हम ताकत से काम करते थे। अब लड़ाई से काम करेंगे। संबल योजना बंद की तो सरकार चलाना मुश्किल कर दूंगा।'
कार्यक्रम का आयोजन जन कल्याणकारी योजनाओं की वर्तमान स्थिति को लेकर हितग्राहियों से संवाद के लिए आयोजित किया गया। चौहान ने कहा भाजपा सरकार में गरीबों के हित के लिए कई योजनाओं को जमीन पर उतारा गया था, लेकिन कांग्रेस सरकार की नीयत इन्हें लेकर खराब है। संबल के कार्ड में मेरे फोटो छपे थे। इसी कारण कार्ड वापस लिए जा रहे हैं। चलाएंगे जनजागरण अभियान संबल योजना को लेकर शिवराज ने कहा कि वल्लभ भवन के सामने बस्ती से जनजागरण अभियान की शुरुआत की गई है। पूरे प्रदेश में इस योजना को बचाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद हस्ताक्षर अभियान चलाकर सरकार के जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश में जल्द ही बड़े आंदोलन करने की बात कही।