MP Cabinet Expansion: सिंधिया का बड़ा बयान, कहा- अन्याय के खिलाफ छेड़ा गया संघर्ष ही धर्म
MP Cabinet Expansion ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर लिखा है कि अन्याय के खिलाफ छेड़ा गया संघर्ष ही धर्म है।
नई दिल्ली, जेएनएन। राज्यसभा सांसद बनने के बाद आज ज्योतिरादित्य सिंधिया पहली बार भोपाल दौरे पर हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज भोपाल दौरे से पहले बताया कि भोपाल पहुंचने के बाद वह सबसे पहले राजभवन जाएंगे और मंत्रियों के शपथ ग्रहण में शामिल होंगे। मंत्रिमंडल विस्तार से ठीक पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर लिखा कि अन्याय के खिलाफ छेड़ा गया संघर्ष ही धर्म है। दो दिवसीय दौरे पर भोपाल पहुंच रहा हूं। प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार कार्यक्रम में उपस्थित होने के बाद, कार्यकर्ताओं से मुलाकात करूंगा।
अन्याय के खिलाफ़ छेड़ा गया संघर्ष ही धर्म है|
— Jyotiraditya M. Scindia (@JM_Scindia) July 2, 2020
कमल नाथ ने शिवराज व सिंधिया पर कसा था तंज
बता दें कि एक दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने चौहान की टिप्पणी पर कहा कि मंथन इतना लंबा हो गया कि अमृृत तो निकला नहीं, सिर्फ विष ही विष निकला है। मंथन से निकले विष को तो अब रोज ही पीना पड़ेगा, क्योंकि अब तो कल से रोज मंथन करना पड़ेगा। अमृृत के लिए तो अब तरसना ही तरसना पड़ेगा। इस विष का परिणाम तो अब हर हाल में भोगना पड़ेगा। कांग्रेस का इशारा ज्योतिरादित्य सिंधिया की तरफ है।
जानें- क्या कहा था शिवराज ने
शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को नई कैबिनेट में मंत्रियों के नामों को लेकर आ रही खींचतान की खबरों पर बुधवार को मीडिया के सवाल पर कहा कि जब भी मंथन होता है, अमृत निकलता है। अमृत तो बंट जाता है, लेकिन विष शिव पी जाते हैं।
सिंधिया खेमे से 12 मंत्री बनेंगे
बताया जा रहा है कि शिवराज मंत्रिमडल में सिंधिया खेमें से 12 लोगों को मंत्री बनाया जा सकता है। ये नाम हो सकते हैं शामिल। महेंद्र सिंह सिसोदिया, प्रभुराम चौधरी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, इमरती देवी, राज्यवर्धन सिंह
ओपीएस भदौरिया, गिर्राज दंडोतिया, सुरेश धाकड़ (राठखेड़ा), बृजेंद्र सिंह यादव, हरदीप सिंह डंग, बिसाहूलाल सिंह, एंदल सिंह कंसाना।