MP POlitics: सिंधिया का पहली बार दिग्विजय पर निशाना, कहा-कांग्रेस को खत्म करने की कसम खा रखी
कांग्रेस के आरोपों और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह तस्वीर दिग्विजय सिंह के पूर्व लोकसभा क्षेत्र राजगढ़ की है ।
भोपाल, जेएनएन। कांग्रेस छोड़ने के करीब दो महीने बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पहली बार पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर सीधे हमला करते हुए कहा है कि उन्होंने कांग्रेस को जड़ से खत्म करने की कसम खा रखी है। वे यहीं नहीं रुके, बल्कि उन्होंने दिग्विजय की क्षमताओं को लेकर कहा कि वे इस काम को करने में सक्षम हैं।
पिछले सप्ताह राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र और राघौगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टोडरा ग्राम पंचायत की प्राथमिक शाला देवीपुरा की वायरल एक तस्वीर को रि-ट्वीट करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने यह तल्ख टिप्पणी की है। उन्होंने दिग्विजय सिंह के लिए 2003 में भाजपा नेत्री व पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के चुनाव प्रचार के चर्चित बंटाढार शब्द का उपयोग किया। सिंधिया ने कहा कि बंटाढार दिग्विजय सिंह से जनता को कोई उम्मीद नहीं है, वह केवल पत्र लिखकर समस्याएं उत्पन्न कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि सिंधिया ने 10 मार्च को जब कांग्रेस छोड़ी थी, उसके बाद दिग्विजय सिंह सहित कई कांग्रेस नेताओं ने उनके खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं दीं थीं, लेकिन तब भी वे चुप रहे थे। सिंधिया ने पहली बार दिग्विजय सिंह को घेरा है और इससे उपचुनाव में उनके आक्रामक तेवर का अंदाज लगाया जा सकता है।
बता दें कि पिछले दिनों टॉयलेट में क्वारंटीन एक परिवार की तस्वीर को शेयर करते हुए कांग्रेस ने इसे ज्योतिरादित्य सिंधिया संसदीय क्षेत्र का बताया, जहां से वह चुनाव लड़ते रहे हैं। अब सिंधिया ने भी वायरल तस्वीर पर करारा जवाब देते हुए दिग्विजय सिंह और उनके बेटे को घेरे में ले लिया है।
बता दें कि 4 मई को एमपी कांग्रेस ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से टॉयलेट में क्वारंटीन की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि शौचालल में भोजन करने को मजबूर। सिंधिया के लोकसभा क्षेत्र की तस्वीर। भाजपा नेता सिंधिया के लोकसभा क्षेत्र गुना की ये तस्वीर है, जिसमें गरीब परिवार को शौचालय में क्वारंटीन किया गया है। वो जो बात-बात पर सड़क पर उतरते थे, इस बात पर जनता की नजरों से उतर गए।
शौचालय में भोजन करने को मजबूर,
—सिंधिया के लोकसभा क्षेत्र की तस्वीर:
बीजेपी नेता सिंधिया के लोकसभा क्षेत्र गुना की ये तस्वीर है जिसमें गरीब परिवार को शौचालय में क्वारेंटाइन किया गया है।
वो जो बात-बात पर सड़क पर उतरते थे,
इस बात पर जनता की नज़रों से उतर गये। pic.twitter.com/N3B3tLiTXV— MP Congress (@INCMP) May 4, 2020
सिंधिया ने दिया जवाब
कांग्रेस के आरोपों और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि यह तस्वीर दिग्विजय सिंह के पूर्व लोकसभा क्षेत्र राजगढ़ की है और उनके बेटे जयवर्धन सिंह के विधानसभा क्षेत्र की। मैंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि इस परिवार का ख्याल रखें।
सिंधिया ने एक ट्वीट को भी रिट्वीट किया, जिसमें लिखा था कि यह तस्वीर राजगढ़ लोकसभा सीट और राघौगढ़ विधानसभा के ग्राम टोडरा ग्राम पंचायत की प्राथमिक शाला देवीपुरा की है। जहां से दशकों से दिग्विजय सिंह के परिवार का सदस्य जनप्रतिनिधि के रूप में चुनता आ रहा है।
गौरतलब है कि यह ट्वीट कृष्णा राठौर नामक व्यक्ति ने किया था, जिसमें उन्होंने एक फोटो को पोस्ट करते हुए लिखा था कि इस विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व दिग्विजय सिंह के परिवार के सदस्य करते हैं। तस्वीर को एक शौचालय बताया गया था, जिसमें मजदूरों को क्वारंटाइन करने की बात लिखी गई। हालांकि इस घटना के बाद स्थानीय पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया था।