मध्य प्रदेश की 28 सीटों पर उपचुनाव लड़ेगी सपाक्स, सभी वर्गो और समुदायों के गरीबों को आरक्षण देने की बात
प्रत्येक कार्यकर्ता उपचुनाव के लिए कमर कस लें और पार्टी की रीति-नीति को जनता के बीच पहुंचाएं। यह बात सपाक्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरालाल त्रिवेदी ने स्थानीय सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की बैठक में कही।
गुना, जेएनएन। प्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर होने जा रहे उपचुनाव में सपाक्स (सामान्य, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक कल्याण समाज)] पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी, क्योंकि, पार्टी का उद्देश्य वैमनस्यता को बढ़ाने वाले गलत कानूनों का विरोध करना और समाज में समरसता व भाईचारे को बढ़ावा देना है। प्रत्येक कार्यकर्ता उपचुनाव के लिए कमर कस लें और पार्टी की रीति-नीति को जनता के बीच पहुंचाएं। यह बात सपाक्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरालाल त्रिवेदी ने स्थानीय सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की बैठक में कही।
इस दौरान विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनावों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि सपाक्स पार्टी व्यक्ति की मूलभूत सुविधाओं एवं काला कानून एट्रोसिटी एक्ट एवं आरक्षण के विरद्ध संघर्ष करती रहेगी। सरकारों की जनविरोधी एवं विभाजनकारी नीतियों का पार्टी विरोध करती है। सपाक्स देश के सभी वर्गो, समुदायों के गरीबों को आरक्षण देने की बात करती है, जबकि जो दशकों से ऊंचे पदों पर बैठकर आरक्षण का लाभ ले रहे हैं, उनका विरोध करती है।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश शुक्ला ने विधानसभा उपचुनावों के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी तरह तैयार रहने को कहा। साथ ही कार्यकर्ताओं से क्षेत्रों में उतरकर पार्टी की बात मतदाताओं के बीच रखने कहा।
आरक्षण है प्रमुख मुद्दा
बता दें कि पार्टी पदाधिकारियों ने सत्ता में आने पर पिछड़ा वर्ग को 27 फीसद आरक्षण देने का वादा किया है, वहीं जनता से भाजपा और कांग्रेस का बहिष्कार करने का आह्वान किया है। इस चुनाव में डॉ. त्रिवेदी ही पार्टी का चेहरा होंगे। डॉ. त्रिवेदी ने बताया कि पार्टी का संविधान बन चुका है और चुनाव आयोग उसका परीक्षण कर रहा है। हम आरक्षण या किसी जाति विशेष के विरोधी नहीं हैं। हम उन सरकारों के खिलाफ हैं, जो वोट बैंक की राजनीति के चलते समाज में वैमनस्यता फैला रही हैं। पार्टी के तौर पर हम सभी समाजों को साथ लेकर चलेंगे और प्रदेश में समरसता कायम करने के लिए वोट मांगेंगे।