महाराष्ट्र में सरकार बनाने पर संजय निरुपम की चेतावनी, कहा- दफन हो जाएगी कांग्रेस
महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर हो रही बैठकों के बीच कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने पार्टी को चेतावनी दे दी है।
नई दिल्ली, जागरण डेस्क। महाराष्ट्र में एक ओर जहां कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी साथ मिलकर सरकार बनाने की कवायद में लगीं है। इसी बीच कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने बड़ा बयान दे दिया है। उन्होंने कहा है कि सालों पहले कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में बीएसपी के साथ गठबंधन करके गलती की थी। तब से ऐसी पिटी की आज तक उठ नहीं पाई है। महाराष्ट्र में भी हम वहीं गलती कर रहे हैं। शिवसेना में तीसरे नंबर की पार्टी बनना कांग्रेस को दफन करने जैसा है। बेहतर यही होगा की कांग्रेस अध्यक्ष दबाव में ना आएं।
कांग्रेस कार्यसमिती की बैठक में रणनीति तय
वहीं आज (गुरुवार) कांग्रेस कार्यसमिती की बैठक हुई। इस दौरान महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर चर्चा की गई। पार्टी के वरिष्ठ नेचा मल्लिका अर्जुन खडगे ने बताया कि बैठक में सभी सदस्यों को महाराष्ट्र की स्थिति को लेकर अवगत करवाया गया है। आगे क्या कदम उठाने हैं उसे लेकर भी फैसला ले लिया गया है। बैठक में जो बात हुई है हम उसी तरह कदम उठाएंगे।
एनसीपी और कांग्रेस की खास मुलाकात
महाराष्ट्र में जारी बयानबाजी के बीच सरकार गठन को लेकर जल्द ही सस्पेंस खतम होने की कगार पर है। दरअसल, कांग्रेस और एनसीपी नेता आज बैठक करने वालें हैं। हालांकि, दोनों पार्टियों के बीच बुधवार को भी बैठक हुई थी। लेकिन, इसमें भी कोई निष्कर्ष नहीं निकला था।
एनसीपी प्रमुख शरद पवार के आवास पर दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद चव्हाण ने कहा था कि चर्चा पॉजिटिव रही। जल्द ही नई सरकार का गठन कर लिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा था कि अभी एक दो दिन और चर्चा चलेगी।
ये है नया फार्मूला
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शरद पवार के आवास पर हुई बैठक में कई पहलुओं पर चर्चा की गई है। जानकारी के अनुसार, 15 पद एनसीपी , 16 पद शिवसेना और 12 पद कांग्रेस को दिए जा सकते हैं। उम्मीद ये भी जताई जा रही है कि विधानसभा अध्यक्ष का पद भी कांग्रेस को ही दिया जा सकता है। वहीं, मुख्यमंत्री 50-50 की तर्ज पर बन सकते हैं। पहले ढाई साल शिवसेना का मुख्यमंत्री रहेगा और अगले ढाई साल एनसीपी का मुख्यमंत्री। वहीं कांग्रेस को अपमुख्यमंत्री का पद दिया जा सकता है।