आरएसएस ने कहा, धार्मिक आयोजनों में असभ्य गीतों की जगह भक्ति गीत ही बजें
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह सुरेश भय्याजी जोशी ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में धार्मिक गीतों का बजना सुनिश्चित करें असभ्य गीतों का नहीं।
नई दिल्ली, एएनआइ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह सुरेश भय्याजी जोशी ने शनिवार को यहां 'जन संगठन' को संबोधित करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों में धार्मिक गीतों का बजना सुनिश्चित करें, असभ्य गीतों का नहीं।
कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश
संगठन को विभिन्न निर्देश देते हुए भय्याजी जोशी ने संघ कार्यकर्ताओं से विभिन्न विचारधारा के लोगों के साथ संबंध बनाने रखने, परिपक्वता दिखाने और सार्वजनिक सभाओं में ठोस तथ्य रखने को भी कहा।
अश्लील गीतों से बचेंं
जन संगठन में शामिल एक वरिष्ठ सदस्य ने कहा, 'हमसे यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि धार्मिक आयोजनों में तोड़ मरोड़ कर फिल्मी गीतों पर आधारित भक्ति गीत नहीं बजाए जाएं। हम आयोजकों से सिर्फ भक्ति गीत ही बजाने का अनुरोध कर सकते हैं। अश्लील गीतों से बचना चाहिए।'
तय समय का भी ध्यान रखें
लगभग साढ़े तीन घंटे तक चली बैठक में नेताओं से कहा गया कि सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करते समय तय समय का भी ध्यान रखें। कार्यकर्ताओं से समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचने और स्थानीय स्वयं सहायता समूहों से संपर्क स्थापित करने को भी कहा गया।