West Bengal Violence: संघ प्रमुख का बड़ा बयान, ऐसा किसी राज्य में नहीं होता जो बंगाल में हो रहा
पश्चिम बंगाल की हिंसा पर संघ प्रमुख ने कहा कि क्या चुनाव के बाद ऐसा होता है क्या यह किसी अन्य राज्य में हो रहा है? जो बंगाल में हो रहा है।
नई दिल्ली, एएनआइ। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने बंगाल की घटना में हैरानी जताई है। भागवत ने कहा कि आज बंगाल में क्या हो रहा है? क्या चुनाव के बाद ऐसा होता है, क्या यह किसी अन्य राज्य में हो रहा है? बंगाल में जो हो रहा, ऐसा नहीं होना चाहिए।
बता दें कि लोकसभा चुनाव के बाद पश्चिम बंगाल में हिंसा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मुर्शिदाबाद समेत राज्य के अन्य कई जिलों में हिंसा अपने चरम पर है। उत्तर 24 परगना आदि जिलों में तृणमूल कांग्रेस तथा भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष की घटनाएं भी हुईं हैं। इन घटनाओं में दोनों पार्टियों की ओर से कई कार्यकर्ता भी जख्मी हो गए। वहीं, राज्य में पिछले कई दिनों से डॉक्टरों की हड़ताल चल रही है। डॉक्टरों की हड़ताल से पश्चिम बंगाल के अस्पतालों में स्थिति चिंतनीय बनी हुई है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तृतीय वर्ष प्रशिक्षण शिविर समापन समारोह में बोलते हुए संघ प्रमुख ने कहा कि प्रत्येक चुनाव में हमारे देश की जनता अधिक सीख रही है। बड़ी सूझबूझ के साथ देश की एकता और एकात्मता को ध्यान में रखकर जनता हर चुनाव में समझदारी दिखा रही है।
संघ के तृतीय वर्ष प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह रविवार को नागपुर में किया गया। पिछले 25 दिन से नागपुर में यह शिविर चल रहा था। रविवार शाम 6.30 बजे रेशिमबाग स्थित मैदान में इसका समापन समारोह किया गया। समापन समारोह में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सर्वाधिकारी अनिरुध देशपांडे, विदर्भ प्रांत संघचालक राम हरकरे और नागपुर महानगर संघचालक राजेश लोया आदि उपस्थित रहें।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप