यूपी में विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए आरपीआइ ने भाजपा से मांगी 8-10 सीटें, रामदास अठावले ने कही यह बात
केंद्रीय मंत्री रामदास और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रामदास अठावले ने कहा कि फरवरी 2022 में उत्तर प्रदेश उत्तराखंड पंजाब गोवा और मणिपुर के चुनावों में पार्टी चुनाव लड़ेगी। उत्तर प्रदेश में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया को 8-10 सीटें मिलनी चाहिए और बाकी राज्यों में 1-2 सीटें।
नई दिल्ली, एएनआइ। केंद्रीय मंत्री रामदास और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रामदास अठावले ने कहा कि मैनें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से बात की। फरवरी 2022 में आने वाले उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के चुनावों में पार्टी चुनाव लड़ेगा। उत्तर प्रदेश में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया को 8-10 सीटें मिलनी चाहिए और बाकी राज्यों में 1-2 सीटें। उन्होंने कहा कि AIMIM 100 सीटों पर लड़ रहा है तो मेरा निवेदन है कि उन्हें 200 सीटों पर लड़ना चाहिए। AIMIM के लड़ने से भाजपा और एनडीए का नुकसान नहीं है। आरपीआइ (RPI) पार्टी का जनाधार हर राज्य में है। जे. पी. नड्डा ने बताया कि आपके प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। हमने उनको बताया कि बहुजन समाज पार्टी का वोट काटने से भाजपा को फायदा होगा। दलित वोटों पर आरपीआइ का भी अधिकार है।
भाजपा के सहयोगी दल बनाने लगे दबाव
अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी दल भी ज्यादा से ज्यादा सीटें मांगने लगे हैं। अपना दल (सोनेलाल) की अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की बीते दिनों नई दिल्ली में सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में अपना दल को दो सीट दी है। अब विधानसभा चुनाव में अपना दल के साथ निषाद पार्टी ने भी विधानसभा चुनाव में भाजपा से इस बार अधिक सीट की मांग की है।
एआइएमआइएम ने यूपी में 100 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की घोषणा की
ज्ञात हो कि अगले साल यूपी समेत 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए तैयारी अभी से शुरू हो गई है। विधान बिहार विधानसभा चुनावों में 5 सीटों पर मिली जीत से एआइएमआइएम ने अगले साल उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों में 100 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की घोषणा की है। आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी भागीदारी संकल्प मोर्चा के साथ गठबंधन करके उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतरेगी। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर इस मोर्चे के संयोजक हैं।
ओमप्रकाश राजभर से किया गठबंधन
ओवैसी ने ट्वीट कर लिखा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में हमने 100 सीटों पर प्रत्याशी उतारने का फैसला किया है। पार्टी ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सिलसिले में टिकट पाने के इच्छुक लोगों के लिए फार्म भी जारी किए गए हैं।' एक अन्य ट्वीट में लिखा, 'हम ओपी राजभर साहब के भागीदारी संकल्प मोर्चे के साथ हैं। अब तक हमने किसी अन्य पार्टी के साथ गठबंधन के लिए बात नहीं की है।'