कांग्रेस का पलटवार, पीएम मोदी कर रहे ईस्ट इंडिया कंपनी जैसी विभाजन की सियासत
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह देश में धार्मिक ध्रुवीकरण करने का आरोप लगाया है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह देश में धार्मिक ध्रुवीकरण करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा कि बंटवारे का जहर घोलने की इसी रणनीति के तहत कांग्रेस को संप्रदाय विशेष से जोड़ने की झूठी खबरों को पीएम और भाजपा उछाल कर देश का ध्यान सरकार की नाकामी से हटाना चाहती है। पार्टी मीडिया विभाग के प्रमुख रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पीएम चाहे कितना भी हमारे बारे में घृणा फैलायें पर कांग्रेस एक बार फिर स्पष्ट करती है कि वह सभी 132 करोड भारतीयों की पार्टी है।
कांग्रेस के कथित तौर पर मुसलमानों की पार्टी को लेकर भाजपा की ओर से लगातार किये जा रहे सियासी हमलों पर पलटवार करते हुए सुरजेवाला ने पीएम की तुलना ईस्ट इंडिया कंपनी से कर डाली। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने जिस तरह बांटों और राज करो की नीति अपनायी उसी तरह पीएम सत्ता की लालसा में धृतराष्ट्र की तरह देश में धार्मिक ध्रुवीकरण करने में लगे हैं।
सुरजेवाला ने कहा कि धार्मिक ध्रुवीकरण के लिए पीएम व भाजपा अफवाहों और झूठी खबरों तक का भी सहारा ले रही हैं। मुस्लिम बुद्धिजीवियों के साथ बैठक में राहुल गांधी के कांग्रेस के कथित तौर पर मुसलमानों की पार्टी होने के दावों को खारिज करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि हम सर्वधर्म समभाव में विश्वास रखते हैं। कांग्रेस का धर्म भारतीयता है।
मुस्लिमों को लेकर राहुल के बयान की सच्चाई के सवाल पर सुरजेवाला ने कहा कि जिस अखबार ने यह दावा किया है उसका कोई प्रतिनिधि बैठक में मौजूद नहीं था और यह सच से परे है। बकौल राहुल ने कहा था कि कांग्रेस सभी लोगों हिन्दू, सिख, इसाई, मुसलमान, दलित और आदिवासी समेत उन सभी की पार्टी है जो सबसे कमजोर हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद प्रधानमंत्री झूठी अफवाहों के सहारे लोगों को बांटने के लिए घृणा फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सत्ता नहीं त्याग महत्वपूर्ण है मगर पीएम मोदी सत्ता के लिए देश की विविधता की संस्कृति को जड़ता की ओर ले जा रहे हैं। सुरजेवाला ने कहा कि पीएम और भाजपा अगले लोकसभा चुनाव में हार के डर से जहर की सियासत फैला रहे हैं और कांग्रेस नीलकंठ की तरह पीकर ऐसी राजनीति का मुकाबला करेगी।