खरीफ सीजन के दौरान सूखा व बाढ़ प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार से मिली राहत
छह राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश को राष्ट्रीय आपदा निधि से 7200 करोड़ रुपये से अधिक की केंद्रीय मदद की मंजूरी दी गई है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। खरीफ सीजन के दौरान प्राकृतिक आपदाओं से खेती के साथ जानमाल को हुए नुकसान के मद्देनजर केंद्र सरकार ने राहत राशि की घोषणा की है।
सात हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि को मिली मंजूरी
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में इस बारे में फैसला लिया गया। छह राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश को राष्ट्रीय आपदा निधि से 7200 करोड़ रुपये से अधिक की केंद्रीय मदद की मंजूरी दी गई है।
हिमाचल प्रदेश को बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान के लिए 317.44 करोड़, उत्तर प्रदेश को बाढ़ के लिए 191.73 करोड़ और आंध्र प्रदेश को सूखा के लिए 900.40 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। इसके अलावा गुजरात को सूखा के लिए 127.60 करोड़, कर्नाटक को सूखा के लिए 949.49 करोड़, महाराष्ट्र को सूखा के लिए 4714.28 करोड़ और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी को समुद्री तूफान से हुए नुकसान के लिए 13.09 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी जा रही है।
बैठक में वित्त मंत्री पीयूष गोयल, कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह और नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।