कोरोना महामारी के चलते संसद के मानसून सत्र से पहले राज्यसभा में की गई रिहर्सल
संसद का मानसून सत्र 14 सितंबर से प्रारंभ होकर एक अक्टूबर तक चलेगा। कोरोना महामारी के कारण लागू प्रतिबंधों के चलते कई कदम पहली बार उठाए गए हैं।
नई दिल्ली, आइएएनएस। संसद के मानसून सत्र से पहले राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू और कर्मचारियों ने बुधवार को सदन संचालन की रिहर्सल की क्योंकि कोरोना महामारी के कारण लागू प्रतिबंधों के चलते कई कदम पहली बार उठाए गए हैं। मानसून सत्र 14 सितंबर से प्रारंभ होकर एक अक्टूबर तक चलेगा।
नायडू ने वाईएसआर पार्टी के नेता परिमल नाथवानी को दिलाई शपथ
राज्यसभा में रिहर्सल के अलावा वेंकैया ने वाईएसआर पार्टी के नेता परिमल नाथवानी को शपथ भी दिलाई। आंध्र प्रदेश से जीतकर आए नाथवानी तीसरी बार राज्यसभा के सदस्य बने हैं। पहली बार वह मई, 2008 और दूसरी बार अप्रैल, 2014 में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। इस मौके पर राज्यसभा महासचिव देश दीपक वर्मा और उच्च सदन सचिवालय के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
राज्यसभा: सुबह नौ बजे से एक बजे तक, लोकसभा: तीन बजे से शाम सात बजे तक
मालूम हो कि मानसून सत्र के लिए कई अतिरिक्त प्रबंध किए गए हैं। सत्र के दौरान राज्यसभा की कार्यवाही पहली पाली में सुबह नौ बजे से एक बजे तक और लोकसभा की कार्यवाही दूसरी पाली में तीन बजे से शाम सात बजे तक चलेगी। दोनों सदनों की लगातार 18 बैठकें होंगी और इस दौरान बीच में कोई छुट्टी या ब्रेक नहीं होगा।