रामदास अठावले का राजस्थान कैबिनेट फेरबदल को लेकर कांग्रेस पर हमला, बोले- दिखावे की दलितों की नीति
राजस्थान में केबिनेट फेरबदल पर रामदास अठावले ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कांग्रेस की दलितों को आगे बढ़ाने की नीति दिखाने की है। कांग्रेस दलितों को उनका हक दिलाने में असफल रही। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
नई दिल्ली, एएनआइ। राजस्थान में केबिनेट फेरबदल पर रामदास अठावले ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस की दलितों को आगे बढ़ाने की नीति दिखाने की है। कांग्रेस दलितों को उनका हक दिलाने में असफल रही। यही कारण है कि 2014 में भाजपा सरकार में आई। उन्होंने कहा,' इस फेरबदल से फर्क नहीं पड़ेगा, राजस्थान में भाजपा की सरकार बनेगी।
सचिन पायलट ने बोले- नई कैबिनेट में 4 दलित मंत्रियों को मिलेगी जगह
बता दें कि आज राजस्थान के नए मंत्रिमंडल का गठन होगा। शाम चार बजे मंत्रियों के शपथ लेने से पहले सचिन पायलट ने कहा कि नई कैबिनेट में 4 दलित मंत्रियों को जगह दी गई है। उन्होंने कहा हमारी पार्टी चाहती है कि दलित, उपेक्षित, पिछड़े लोगों का प्रतिनिधित्व हर जगह होना चाहिए। काफी समय से हमारी सरकार में दलितों का प्रतिनिधित्व नहीं था अब भरपाई की है। आदिवासियों का भी प्रतिनिधित्व बढ़ाया गया है। उन्होंने कैबिनेट में फेरबदल के लिए सोनिया गांधी, अजय माकन और अशोक गहलोत को भी धन्यवाद दिया।
नए कैबिनट में 12 नए चेहरें होंगे शामिल
रिपोर्ट के मुताबिक नए कैबिनेट में 12 नए चेहरों को शामिल किया जाना है। इनमें सचिन पायलट कैंप के पांच चेहरे भी शामिल किए जाएंगे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने तीन कैबिनेट मंत्रियों - रघु शर्मा (Raghu Sharma), हरीश चौधरी (Harish Chaudhary) और गोविंद सिंह दोतास्रा (Govind Singh Dotasra) का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत नीत कांग्रेस सरकार में कुल 30 मंत्री होंगे। इसमें पहले इस्तीफा दे चुके 18 मंत्री भी होंगे। सूत्रों के अनुसार तीन राज्य मंत्रियों को कैबिनेट में शामिल किया जा रहा है।
गौरतलब है कि राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट में चल रही तनातनी के बीच कांग्रेस आलाकमान ने मंत्रिमंडल के पुनर्गठन को मंजूरी देते हुए फार्मूला भी तय कर दिया है। इसके बाद ही शनिवार को सभी मंत्रियों ने इस्तीफे दे दिए थे।