अगरतला, एएनआइ। चुनाव प्रचार के लिए त्रिपुरा पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कांग्रेस और माकपा पर करारा हमला बोला। कहा, दोनों पार्टियां पुराने वाद्य यंत्रों की तरह हैं जो मरम्मत न होने के कारण टूट-फूट गए हैं और अब वे बेसुरे हो गए हैं। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ ने कहा, त्रिपुरा में एक पार्टी बांसुरी है जबकि दूसरी सितार है।

जनता ने बदलाव किया और उसका उसे फायदा मिला: रक्षा मंत्री

कांग्रेस वह बांसुरी है जिसमें तमाम सारे छेद हो गए हैं जबकि माकपा वह सितार है जिसके सारे तार टूट चुके हैं। इन दोनों से अब किसी तरह के कर्णप्रिय सुर की आशा करना बेकार है। रक्षा मंत्री ने कहा, माकपा की सत्ता के दौरान भय, भूख और भ्रष्टाचार से त्रिपुरा ग्रस्त था। यह सब तब तक रहा जब तक भाजपा यहां की सत्ता में नहीं आई। प्रदेश की जनता ने बदलाव किया और उसका उसे फायदा मिला।

चेहरा बदला और मुश्किल हालात खत्म हुए : राजनाथ सिंह

अब प्रदेश विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। राजनाथ ने कहा, जनता ने हमें सरकार बनाने का मौका दिया तो हमने राज्य का चेहरा बदला और मुश्किल हालात खत्म किए, अब हमें पांच साल और दीजिए जिससे हम त्रिपुरा को देश का नंबर एक राज्य बना सकें। त्रिपुरा में विधानसभा की 60 सीटों के लिए 16 फरवरी को मतदान होगा।

चुनाव के लिए कुल 259 प्रत्याशी मैदान में हैं जिनमें से 31 महिलाएं हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 और 13 फरवरी को राज्य में दो जनसभाएं संबोधित करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और कई वरिष्ठ नेता त्रिपुरा में चुनाव प्रचार कर चुके हैं।

ये भी पढ़ें- कम खर्च, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और फंडिंग में आसानी से सिर्फ 7.8 साल में यूनिकॉर्न बन रहे देसी स्टॉर्टअप

ये भी पढ़ें- Fact Check Story: आलिया भट्ट और उनकी बेटी के नाम से वायरल हो रही तस्वीर एडिटेड है

Edited By: Ashisha Singh Rajput