रजनीकांत ने इशारों-इशारों में किया भाजपा और मोदी का समर्थन, जाने क्या कही बात
अभिनेता रजनीकांत ने कहा कि यदि एक के खिलाफ 10 नेता एकजुट हों तो समझ लेना चाहिए कि कौन ज्यादा ताकतवर है।
चेन्नई, प्रेट्र। अभिनेता रजनीकांत इशारों-इशारों में भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन करते नजर आए। उन्होंने कहा कि यदि एक के खिलाफ 10 नेता एकजुट हों तो समझ लेना चाहिए कि कौन ज्यादा ताकतवर है।
चेन्नई में मंगलवार को अपने घर पर प्रेस से बातचीत में रजनीकांत ने भाजपा के बारे में सोमवार को दिए गए बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा, 'गत दिवस मुझसे सवाल पूछा गया था कि विपक्षी पार्टियां भाजपा के खिलाफ महागठबंधन कर रही हैं, क्या वह एक खतरनाक दल है? मैंने कहा था कि अगर वे ऐसा सोचते हैं तो उनके लिए हो सकता है। भाजपा असल में खतरनाक है या नहीं इसका फैसला जनता करेगी।'
महागठबंधन और मोदी में आप किसे ज्यादा ताकतवर मानते हैं? सुपरस्टार ने कहा- 'मैं इस समय भाजपा या पीएम मोदी को लेकर कोई बयान नहीं देना चाहता। हां, अगर 10 पार्टियां किसी एक के खिलाफ एकजुट हो रही हैं तो आप समझ सकते हैं कि कौन ज्यादा ताकतवर है।' भाजपा के साथ गठबंधन के सवाल पर रजनीकांत ने कहा कि समय आने पर सब साफ हो जाएगा।
माना जा रहा है कि रजनीकांत 12 दिसंबर को अपने जन्मदिन के मौके पर राजनीतिक पार्टी की घोषणा कर सकते हैं। राजनीति में आने की घोषणा वह पहले ही कर चुके हैं। उन्होंने 2021 के विधानसभा चुनाव में तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर प्रत्याशी उतारने का भी एलान किया है।
यह भी माना जा रहा है कि राजनीति में उतरने के बाद रजनीकांत भाजपा से गठबंधन कर सकते हैं। पीएम मोदी अभिनेता के घर भी जा चुके हैं।