Move to Jagran APP

Rajasthan के मंत्री ने करवा चौथ पर दिया विवादित बयान, बोले- अमेरिका और चीन चांद तक पहुंचे, भारतीय महिलाएं...

अशोक गहलोत की मौजूदगी में मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने करवा चौथ को अंधविश्वास बताते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भारत में महिलाएं अभी भी चांद को छलनी से देखती हैं जबकि अमेरिका और चीन की महिलाएं चांद तक पहुंच गईं है।

By Mahen KhannaEdited By: Published: Sun, 21 Aug 2022 01:56 AM (IST)Updated: Sun, 21 Aug 2022 04:40 AM (IST)
गहलोत सरकार के मंत्री गोविंद राम मेघवाल का विवादित बयान।

जयपुर, एजेंसी। राजस्थान में अशोक गहलोत सरकार पहले ही कई मामलों में घिरी पड़ी है। इस बीच गहलोत के मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने शनिवार को एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। मेघवाल ने करवा चौथ को अंधविश्वास बताते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भारत में महिलाएं अभी भी चांद को छलनी से देखती हैं और करवा चौथ पर अपने पति की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करती हैं, जबकि विकसित देशों में महिलाएं विज्ञान की दुनिया में रहती हैं।

loksabha election banner

लोग अंधविश्वास में जी रहे...

बता दें कि मेघवाल ने कहा कि चीन और अमेरिका में महिलाएं विज्ञान की दुनिया में जी रही हैं, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज भी यहां करवा चौथ पर महिलाएं छलनी से चांद को देखकर अपने पति की लंबी उम्र की बात करती हैं। आपदा प्रबंधन और राहत मंत्री ने 'डिजिफेस्ट' के समापन समारोह में कहा यहां लोग अंधविश्वास में रह रहे हैं, वे धर्म और जाति के नाम पर दूसरों से लड़ रहे हैं। बता दें कि अशोक गहलोत भी कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे।

भाजपा ने की तीखी आलोचना

मेघवाल की टिप्पणी के बाद भाजपा ने उनकी तीखी आलोचना की। भाजपा ने उनसे माफी की मांग की और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से अपने सहयोगी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और विधायक रामलाल शर्मा ने मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला अंतरिक्ष में गई थीं और कई भारतीय महिलाएं पायलट के रूप में काम कर रही हैं।

करोड़ों महिलाओं का अपमान

शर्मा ने आगे कहा कि मेघवाल ने देश की करोड़ों महिलाओं का अपमान किया है। उन्हें माफी मांगनी चाहिए और बयान वापस लेना चाहिए। मुख्यमंत्री को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। भाजपा नेता ने कहा कि भारतीय महिलाएं परंपराओं का पालन करने के लिए जानी जाती हैं और वे अपने निजी जीवन और पेशे के बीच संतुलन बनाना जानती हैं।

बाद में दी सफाई

हालांकि बाद में मेघवाल ने संवाददाताओं से कहा कि वह केवल वैज्ञानिक सोच और शिक्षा को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं करवा चौथ के खिलाफ नहीं हूं। जो कोई भी इसका पालन करना चाहता है वह ऐसा कर सकता है। मैं वैज्ञानिक स्वभाव के महत्व के बारे में बात कर रहा था।"


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.