'जब दो भाई', राज ठाकरे ने बताया 20 साल बाद क्यों आए उद्धव के साथ? कार्यकर्ताओं से की ये अपील
महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे ने आगामी मुंबई नगर निकाय चुनावों की तैयारी शुरू करने का कार्यकर्ताओं को संदेश दिया है। उन्होंने प ...और पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को साफ संदेश देते हुए कहा है कि आगामी मुंबई नगर निकाय चुनावों की तैयारी शुरू कर दें। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी से एकजुट रहने के लिए भी कहा।
नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर बांद्रा के रंगशारदा हॉल में एमएनएस की मीटिंग हुई, जिसमें पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज ठाकरे ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे से मिलन का जिक्र भी किया। दो दशकों के राजनीतिक अलगाव के बाद दोनों भाई साथ आए हैं। इस मिलन के बाद मुंबई में एक जनसभा भी रखी गई।
राज ठाकरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को क्या दिया संदेश?
उन्होंने कहा, "अगर हम दोनों भाई बीस साल के बाद एक साथ आ सकते हैं तो आप लोग आपस में क्यों लड़ रहे हैं? कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच कोई विवाद पैदा करने के बजाय, चुनाव की तैयारियां शुरू कर दीजिए।"
मराठी भाषा विवाद पर क्या बोले राज?
इसके अलावा, भाषा विवाद को लेकर राज ठाकरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए कहा, "बिना वजह किसी को नहीं पीटें, पहले समझाएं। अगर वह मराठी सीखने और बोलने के लिए तैयार हैं तो उन्हें सिखाएं लेकिन अगर वह अहंकार दिखाते हैं तो आगे भी इसी रवैये को अपनाएं। वीडियो मत बनाएं।"
5 जुलाई को दोनों भाइयों ने शेयर किया था मंच
5 जुलाई, 2025 को शिवसेना (यूबीटी) और एमएनएस की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित आवाज मराठीचा (मराठियों की आवाज) नाम से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे दोनों भाइयों ने मंच शेयर किया था। इसके बाद से ही दोनों के बीच गठबंधन की अटकलें लगाई जाने लगीं। 2005 के बाद यह पहला मौका था, जब दोनों चचेरे भाई एक साथ नजर आए हों।
इसके बाद उद्धव ठाकरे के जन्मदिन पर राज ठाकरे ने मातोश्री पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं भी दीं। वहीं, गठबंधन की बात पर राज ठाकरे ने कहा कि ये उन छोड़ दिया जाना चाहिए कि वो किसके साथ गठबंधन करेंगे। सही समय पर सही फैसला किया जाएगा। राज ठाकरे ने दावा किया कि इस बार मुंबई नगर निगम की सत्ता उनके हाथों में होगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।