ओएसडी की शिकायत के एक माह में रेलवे बोर्ड के सचिव सहाय का तबादला, जानें क्या है कारण
सहाय ने रेल मंत्री पीयूष गोयल पर आक्षेप लगाने पर जितेंद्र सिंह के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (ओएसडी) संजीव कुमार के खिलाफ शिकायत की थी। इसके बाद उनका तबादला किया गया।
नई दिल्ली, प्रेट्र। रेलवे बोर्ड के सचिव रजनीश सहाय का तबादला कर दिया गया है। उन्होंने एक महीने पहले पीएमओ में राज्यमंत्री और पूर्वोत्तर विकास देख रहे जितेंद्र सिंह के ओएसडी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की थी। सहाय ने रेल मंत्री पीयूष गोयल पर आक्षेप लगाने पर जितेंद्र सिंह के ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (ओएसडी) संजीव कुमार के खिलाफ शिकायत की थी। लिहाजा, सहाय के स्थान पर सुशांत कुमार मिश्रा को रेलवे बोर्ड का नया सचिव बनाया गया है।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि रजनीश सहाय के तबादले और आगे की नियुक्ति से संबंधित आदेश को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंजूरी दे दी है। इंडियन रेलवे एकाउंट्स सर्विस (आइआरएएस) अधिकारियों की अगली पोस्टिंग का आदेश भी जल्द ही जारी होगा। 1985 बैच के इंडियन रेलवे ट्रैफिक सर्विस (आइआरटीएस) अफसर सुशांत कुमार मिश्रा को रेलवे बोर्ड का नया सचिव बना दिया गया है।
रेलवे बोर्ड के सचिव पद से रजनीश सहाय को हटाए जाने से एक माह पहले उन्होंने कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग को 2005 बैच के भारतीय रेलवे कार्मिक सेवा (आइआरपीएस) के संजीव कुमार को तत्काल प्रभाव से हटाने के लिए कहा था। उन पर आफिशियल डेकोरम और अनुशानसहीनता का आरोप लगा था।
सहाय ने डीओपीटी को लिखे अपने पत्र में कहा था कि पीएमओ समेत कई मंत्रालय संभालने वाले जितेंद्र सिंह के ओएसडी संजीव कुमार ने दो सरकारी वेबसाइटों पर दिए लेख को अनुशासनहीनता और डेकोरम का उल्लंघन माना था। इस आलेख में रेल मंत्री पीयूष गोयल के कामकाज की खामियां बताई गईं थीं।
सहाय को रेल मंत्रालय में सबसे प्रतिष्ठित माने जाने वाले रेलवे बोर्ड के सचिव का पद दिसंबर, 2017 में दिया गया था। वीके यादव को हाल ही में अश्विनी लोहानी की जगह नया रेलवे बोर्ड अध्यक्ष बनाया गया है।