राफेल सौदे पर राहुल ने पीएम मोदी पर फिर साधा निशाना
राहुल ने सीबीआइ, आरबीआइ, चुनाव आयोग, योजना आयोग जैसी सरकारी संस्थाओं में सरकारी हस्तक्षेप का आरोप लगाया।
आइजल/चंफई, प्रेट्र। राफेल सौदे पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला जारी है। मिजोरम में चुनावी सभा में उन्होंने प्रधानमंत्री पर रिलायंस कंपनी के अनिल अंबानी की मदद के लिए 30 हजार करोड़ रुपये देने का आरोप दोहराया। उन्होंने कहा कि यह रकम देश में मनरेगा योजना के एक साल खर्चे के बराबर है। कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी सरकार पर सीबीआइ और चुनाव आयोग जैसी सरकारी संस्थाओं के कामकाज में हस्तक्षेप करने का भी आरोप लगाया।
पूर्वोत्तर में अपने इकलौते किले को बचाने के लिए पूरे दमखम से जुटे राहुल गांधी ने मिजोरम में कई चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी निशाना साधा और कहा कि संघ का सदस्य होना ही राज्यपाल या कुलपति बनने के लिए पर्याप्त योग्यता है। मिजोरम विधानसभा की 40 सीटों के लिए 28 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। कांग्रेस यहां 2008 से ही सत्ता में है।
राहुल ने सीबीआइ, आरबीआइ, चुनाव आयोग, योजना आयोग जैसी सरकारी संस्थाओं में सरकारी हस्तक्षेप का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के चार जजों ने भी कहा था कि वह सरकार के हस्तक्षेप के चलते अपना काम नहीं कर पा रहे थे।