कांग्रेस आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा देने के लिए प्रतिबद्ध : राहुल
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि अगर उनकी पार्टी 2019 में सत्ता में आई तो वह आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने के लिए प्रतिबद्ध होगी।
करनूल (प्रेट्र)। केंद्र की भाजपा नीत राजग सरकार पर प्रहार करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि अगर उनकी पार्टी 2019 में सत्ता में आई तो वह आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने के लिए प्रतिबद्ध होगी। उन्होंने कहा कि राज्य को केंद्र सरकार से विशेष दर्जे की जरूरत है।
बाईरेड्डी कन्वेंशन सेंटर में छात्रों से बातचीत में राहुल ने कहा, 'तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 2014 मेंइसका वादा किया था, लेकिन वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसे पूरा नहीं किया गया।' कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राज्य के कमजोर जिलों को विशेष सहायता की जरूरत है और कांग्रेस का स्पष्ट तौर पर मानना है कि पूरे राज्य का विकास समान रूप से होना चाहिए।
2014 में राज्य के विभाजन के बाद दूसरी बार आंध्र प्रदेश यात्रा पर पहुंचे राहुल गांधी ने छात्रों से बातचीत के दौरान जीएसटी, पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि, कृषि क्षेत्र में संकट, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा, बैंकिंग और अन्य कई मसलों पर बेबाकी से जवाब दिए। सत्ता में आने पर जीएसटी को उन्होंने एक टैक्स में बदलने और पेट्रोलियम पदार्थों को इसके दायरे में लाने की बात की। वहीं, महिला सुरक्षा के लिए उन्होंने महिलाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।