राहुल बोले, मोदी और शाह बांट रहे हैं देश, केंद्रीय मंत्री गडकरी ने किया जोरदार पलटवार
राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह देश के लोगों को बांट रहे हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस पर जोरदार पलटवार किया है।
नई दिल्ली, एजेंसियां। संशोधित नागरिकता कानून (Citizenship Amendment Act 2019, CAA) के खिलाफ प्रदर्शनों के साथ साथ सियासत भी तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह देश के लोगों को बांट रहे हैं। वहीं एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि संशोधित नागरिकता कानून (CAA) ना केवल मुसलमानों के लिए नहीं वरन सारे भारतीयों के लिए चिंता का विषय है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ज्यादती कर रही है। यह सारा काम सरकार के इशारे पर हो रहा है। वहीं केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा है कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के मुस्लिमों के पास 150 मुस्लिम देशों का विकल्प मौजूद है।
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा है कि हमारी पार्टी मुस्लिमों के खिलाफ नहीं हैं। कुछ विपक्षी दल देश में नागरिकता कानून को लेकर लोगों में भय का माहौल बना रहे हैं। महात्मा गांधी ने आजादी के वक्त भारत को एक धर्म निरपेक्ष राष्ट्र बनाने की बात कही थी। उस वक्त सवाल उठा था कि इस्लामी देश बनने वाले पाकिस्तान में यदि अल्पसंख्यकों पर अत्याचार होता है तो वे कहां जाएंगे। तब गांधी जी ने कहा था कि जब भी पाकिस्तान के अल्पसंख्यक लोगों (हिंदू, जैन, सिख, बौद्ध) को जरूरत होगी भारत उन्हें शरण देगा। गडकरी ने यह भी कहा कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान छोड़ने वाले मुस्लिमों के पास तो दुनिया के 150 इस्लामिक देशों में जाने का विकल्प है।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि भारत के प्रिय युवाओं... मोदी और शाह ने आपके भविष्य को बर्बाद कर दिया है। वे नौकरियों की कमी और अर्थव्यवस्था की स्थिति पर आपके गुस्से का सामना नहीं कर सकते हैं। वे हमारे प्यारे भारत को बांट रहे हैं और नफरत के पीछे छिप रहे हैं। हम हर भारतीय के प्रति स्नेह दिखाकर इनको हरा सकते हैं। वहीं सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर ज्यादती कर रही है। पुलिस प्रदर्शनकारियों का दमन कर रही है। यह सारा काम सूबे की सरकार के इशारे पर हो रहा है।
ओवैसी ने शनिवार देर रात कहा कि मैं क्यों कतार में खड़ा रहूं और साबित करूं कि मैं भारतीय हूं। सरकार की जो मंशा है उसमें सभी 100 करोड़ भारतीयों को कतारों में खड़ा होना पड़ेगा (नागरिकता का प्रमाण दिखाने के लिए)। यह मुसलमानों का ही मसला नहीं है वरन यह सभी भारतीयों के लिए चिंता का विषय है। ओवैसी ने कहा कि भारतीय मुसलमानों ने बंटवारे के समय जिन्ना के दो राष्ट्र के सिद्धांत को नकारते हुए भारत में ही रहने का फैसला किया था। मुझे केवल भारत की चिंता है... केवल भारत से प्यार है। आप कहते हैं कि बहुत सारे मुस्लिम राष्ट्र हैं। आप वहां चले जाएं। ऐसा क्यों कहा जा रहा है।